आज़ाद मोहल्ला में महिलाओं ने मनाया भव्य गणगौर उत्सव, बिंदोला और सवारी में दिखी परंपरा की झलक
परंपरागत वेशभूषा, लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा क्षेत्र, महिलाओं ने किया ईसर-गणगौर पूजन
✍️ मोनू सुरेश छीपा। द वॉयस ऑफ राजस्थान
भीलवाड़ा, 18 मार्च।
शहर के आज़ाद मोहल्ला क्षेत्र में महिलाओं द्वारा हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा धारण कर लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से क्षेत्रीय संस्कृति की समृद्ध विरासत को जीवंत किया।
कार्यक्रम में महिलाओं ने गणगौर गीतों पर उत्साहपूर्वक नृत्य किया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बन गया। साथ ही पारंपरिक दोहों के गायन से भक्ति और सांस्कृतिक मूल्यों की सुंदर झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर आयोजित गणगौर बिंदोला कार्यक्रम में महिलाओं ने मुखर्जी गार्डन में ईसर-गणगौर की प्रतिमाओं का विधिवत पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद निकाली गई गणगौर सवारी में महिलाओं ने सोलह श्रृंगार कर भाग लिया और पारंपरिक गीतों के साथ पूरे मोहल्ले में उल्लास का वातावरण बना दिया।
मीडिया प्रभारी महावीर समदानी ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने में ललिता सोमानी, रेणू मुन्दड़ा, आशा काबरा, सरिता सोमानी, सरोज चेचाणी एवं अनीता चेचाणी का विशेष योगदान रहा। महिलाओं ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में एकता को बढ़ावा देने के साथ ही नई पीढ़ी को परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम का समापन कुल्फी प्रसाद वितरण के साथ हुआ। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय और उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।


