*शाहपुरा में चारभुजा नाथ का भव्य फूल डोल महोत्सव, श्रद्धा और उल्लास का संगम*
✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
शाहपुरा नगर में भगवान चारभुजा नाथ का पारंपरिक फूल डोल महोत्सव बुधवार को बड़े ही धूमधाम और भक्ति भाव के साथ आयोजित किया गया। महोत्सव के तहत चारभुजा नाथ मंदिर से ठाकुर जी को सुसज्जित बेवान में विराजित कर ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच नगर भ्रमण के लिए रवाना किया गया।
इस भव्य शोभायात्रा में नगर के विभिन्न मंदिरों के बेवान भी शामिल हुए, जिससे आयोजन की गरिमा और अधिक बढ़ गई। जैसे-जैसे बेवान नगर की गलियों से होकर गुजरा, वैसे-वैसे श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती चली गई। भक्तों ने ठाकुर जी के साथ अबीर-गुलाल से होली खेलते हुए पूरे वातावरण को रंगमय और भक्तिमय बना दिया।
फूल डोल महोत्सव के दौरान नगर का माहौल पूरी तरह से भक्ति में सराबोर नजर आया। हजारों की संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते हुए “चारभुजा नाथ के जयकारों” के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए।
नगर भ्रमण के पश्चात देर रात्रि ठाकुर जी का बेवान पुनः चारभुजा नाथ मंदिर पहुंचा, जहां विधिवत आरती कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
पूरे आयोजन ने एक बार फिर शाहपुरा की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामूहिक उत्साह की झलक प्रस्तुत की।


