भीलवाड़ा में चारभुजा नाथ की भव्य झांकी, छप्पन भोग अर्पित—भजन गंगा में गूंजी भक्ति की स्वर लहरियां
श्री राम मॉर्निंग क्लब के तत्वावधान में बड़ा मंदिर में विनायक चतुर्थी पर विशेष आयोजन, महाआरती के बाद हुआ प्रसाद वितरण
✍️ मोनू सुरेश छीपा | द वॉयस ऑफ राजस्थान
भीलवाड़ा, 22 मार्च।
शहर के बड़ा मंदिर स्थित श्री चारभुजा जी मंदिर में रविवार को चैत्र शुक्ल चतुर्थी एवं विनायक चतुर्थी के पावन अवसर पर श्री राम मॉर्निंग क्लब, भीलवाड़ा एवं श्री माहेश्वरी समाज के संयुक्त तत्वावधान में भगवान चारभुजा नाथ की भव्य झांकी सजाकर छप्पन भोग अर्पित किया गया। आयोजन में श्रद्धालुओं का उत्साह और भक्ति भाव देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 6 बजे विधि-विधान के साथ दुग्ध अभिषेक से हुई। इसके पश्चात मंदिर परिसर में भजन गंगा का आयोजन किया गया, जिसमें प्रसिद्ध गायिका मधु काबरा ने चारभुजा नाथ के भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
ट्रस्ट के मीडिया प्रभारी महावीर समदानी ने जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन के अंतर्गत विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रातः 11:15 बजे बैंड-बाजे एवं मंदसौरी ढोल-नगाड़ों के साथ मंदिर ट्रस्ट के संरक्षक उदयलाल समदानी, रामेश्वर तोषनीवाल, अध्यक्ष चंद्र सिंह तोषनीवाल, मंत्री प्रहलाद भदादा सहित कई गणमान्यजनों की उपस्थिति में भगवान को मखमल की लाल रंग की ध्वजा अर्पित की गई।
मंदिर के निज मंदिर को रंग-बिरंगे फूलों एवं सतरंगी गुब्बारों से आकर्षक रूप से सजाया गया, जिससे पूरा परिसर उत्सवमय नजर आया। श्रद्धालुओं ने चारभुजा नाथ की छप्पन भोग झांकी के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम का समापन दोपहर 12:15 बजे महाआरती के साथ हुआ, जिसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन में अनिल डाड, सुनील काबरा, ओम बिड़ला, रामेश्वर शर्मा, बालकृष्ण मूंदड़ा, राधेश्याम अजमेरा, डॉ. एस.एन. जागेटिया, कमलेश लढ्ढा सहित कई श्रद्धालुओं का विशेष सहयोग रहा।


