शाहपुरा जिला चिकित्सालय में फटी हुई अपेंडिक्स की दो जटिल सर्जरी सफल, मरीजों को मिला नया जीवन
शाहपुरा (मोनू सुरेश छीपा)। जिला चिकित्सालय शाहपुरा में चिकित्सा विशेषज्ञों ने अपनी कार्यकुशलता का परिचय देते हुए दो मरीजों की फटी हुई अपेंडिक्स की अत्यंत जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न की है। चिकित्सालय की इस उपलब्धि से स्थानीय क्षेत्र के मरीजों को अब बड़े शहरों की ओर दौड़ने से राहत मिली है।
संक्रमण फैलने के बाद भी बचाई जान
प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि मरीज सुरेश जाट और अरुणेंद्र सिंह हाड़ा को अत्यंत गंभीर स्थिति में अस्पताल लाया गया था। चिकित्सकीय जांच में सामने आया कि दोनों मरीजों की अपेंडिक्स फट चुकी थी, जिसके कारण संक्रमण (Infection) तेजी से उनके पेट में फैल रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल ऑपरेशन का निर्णय लिया गया।
विशेषज्ञ टीम की त्वरित कार्रवाई
सर्जन डॉ. राहुल उपाध्याय एवं निश्चेतन विशेषज्ञ (Anesthetist) डॉ. रविंद्र धनोपिया की टीम ने त्वरित उपचार करते हुए इस जोखिम भरी सर्जरी को अंजाम दिया। इस सफल ऑपरेशन में ओटी स्टाफ प्रदीप शर्मा और सुरेश सेन का विशेष सहयोग रहा। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, दोनों मरीज अब पूरी तरह स्वस्थ हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी (Discharge) दे दी गई है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस हुआ जिला चिकित्सालय
डॉ. अशोक जैन ने बताया कि क्षेत्रीय विधायक डॉ. लालाराम बैरवा के प्रयासों से शाहपुरा जिला चिकित्सालय का ऑपरेशन थिएटर (OT) पुनः पूरी क्षमता के साथ कार्यशील हो गया है। अब यहाँ सर्जरी विभाग को आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित किया गया है।
अब अस्पताल में ये सर्जरी भी उपलब्ध हैं:
- स्तन संबंधी सर्जरी (Breast Surgery)
- हर्निया एवं हाइड्रोसील
- बवासीर (Piles), फिशर एवं भगंदर (Fistula)
- अपेंडिक्स एवं पेट की अन्य जटिल सर्जरी
इस सुविधा के शुरू होने से शाहपुरा जिले के आमजन को स्थानीय स्तर पर ही उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा प्राप्त हो सकेगी।


