सरवाड़: मंदिर भूमि विवाद और महिलाओं से अभद्र व्यवहार पर भड़का वैष्णव समाज, SDM को सौंपा ज्ञापन
गुलाबपुरा/सरवाड़ (रामकिशन वैष्णव): ग्राम सापुंडा स्थित मंदिर श्री गोपाल जी महाराज की भूमि पर कथित अतिक्रमण, रास्ते के विवाद और पुजारी परिवार की महिलाओं के साथ हुई अभद्र व्यवहार की घटना को लेकर वैष्णव (साधु) समाज में भारी आक्रोश है। शुक्रवार को वैष्णव बैरागी विकास समिति के नेतृत्व में समाज के लोगों ने उपखंड अधिकारी (SDM) कार्यालय पहुंचकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
क्या है पूरा मामला?
ज्ञापन के अनुसार, ग्राम सापुंडा में मंदिर श्री गोपाल जी महाराज के नाम राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज खसरा नंबर 376 से 383 तक की भूमि पर वर्षों से वैष्णव समाज के लोग खेती कर मंदिर की सेवा-पूजा कर रहे हैं। समाज का आरोप है कि पड़ोस के कुछ खातेदारों द्वारा इस भूमि पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की जा रही है और मंदिर के लिए पूर्व में छोड़े गए रास्ते को भी बाधित किया गया है।
महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार से समाज में आक्रोश
समाज ने आरोप लगाया कि 2 जून को पड़ोसी खातेदारों और उनके परिजनों ने मंदिर भूमि पर पहुंचकर वहां मौजूद महिलाओं के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया। इस मामले में सरवाड़ पुलिस थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई है, लेकिन समाज का कहना है कि अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। इसी के चलते शुक्रवार को बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई।
समाज की प्रमुख मांगें
- दोषियों की गिरफ्तारी: महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।
- सीमांकन और अतिक्रमण मुक्ति: मंदिर भूमि का सीमांकन कर वहां किए गए अवैध कब्जों को हटाया जाए।
- सुरक्षा: मंदिर के पुजारी परिवार और उनकी भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
- निष्पक्ष जांच: पुलिस प्रशासन द्वारा इस पूरे मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच की जाए।
समाज ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो वैष्णव समाज उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होगा।


