शाहपुरा (राजस्थान): गौवंश संरक्षण और निस्वार्थ गौसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने वाले राजेश सैन को एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। ‘बालाजी गोवंश हेल्पलाइन’ के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें राजस्थान प्रांत प्रमुख के पद पर नियुक्त किया है। यह नियुक्ति उनके वर्षों के समर्पण और गौसेवा के प्रति अटूट निष्ठा का परिणाम है।
संगठन ने जताया विश्वास
बालाजी गोवंश हेल्पलाइन के अध्यक्ष खुशराज वैष्णव ने राजेश सैन की नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा की। उन्होंने बताया कि संगठन के कोषाध्यक्ष भागचंद माली और मैनेजमेंट प्रभारी ओमप्रकाश साहू की विशेष अनुशंसा पर यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। संगठन का मानना है कि राजेश सैन के नेतृत्व में पूरे राजस्थान में गौसेवा कार्यों को न केवल गति मिलेगी, बल्कि संगठन का दायरा भी व्यापक होगा।
गौसेवा में रहा है उल्लेखनीय योगदान
राजेश सैन पिछले काफी समय से गौवंश संरक्षण अभियानों, घायल पशुओं के उपचार और जन-जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय रहे हैं। उनकी कार्यशैली और जमीनी स्तर पर सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के कौशल ने उन्हें यह पहचान दिलाई है। संगठन के विस्तार में उनकी भूमिका को देखते हुए उन्हें यह अहम दायित्व सौंपा गया है।
”सेवा ही परम धर्म”: राजेश सैन
अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए राजेश सैन ने कहा, “संगठन ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, मैं उसके प्रति आभार व्यक्त करता हूँ। गौवंश की सेवा करना मेरे लिए पुण्य का कार्य है। मेरी प्राथमिकता पूरे राजस्थान में गौ संरक्षण को अधिक प्रभावी बनाना और अधिक से अधिक गौभक्तों को इस मुहिम से जोड़ना होगी।”
गौभक्तों में खुशी की लहर
राजेश सैन के राजस्थान प्रांत प्रमुख बनने की खबर से उनके समर्थकों, संगठन के कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के गौभक्तों में हर्ष व्याप्त है। सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।


