वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के तहत विधायक सांखला ने किया तालाब पूजन, पौधारोपण कर दिया जल संरक्षण का संदेश
गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव)। राष्ट्रीय कार्यक्रम वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत स्थानीय नगर पालिका द्वारा दोबनिया बालाजी मार्ग स्थित दोवनिया तालाब की पाल पर जल संरक्षण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक सहित अन्य अतिथियों का नगर पालिका अधिशासी अधिकारी तेजभान सिंह ने साफा, माला एवं दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान 51 महिलाओं ने कलश यात्रा के साथ सहभागिता निभाई। पंडित द्वारा जल से भरे कलशों का विधि-विधानपूर्वक पूजन करवाया गया तथा तालाब की पूजा-अर्चना एवं आरती संपन्न हुई।
इस अवसर पर विधायक सांखला एवं अतिथियों ने तालाब की पाल पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विधायक ने उपस्थित महिलाओं को वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत कपड़े के थैले वितरित करते हुए जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह राठौड़, पीयूष मेवाड़ा, विकास आचार्य, कृष्णगोपाल त्रिपाठी, महेंद्र सिंह चुंडावत, अरिहंत जैन, शीतपाल वैष्णव सहित नगर पालिका के लिपिक घनश्याम रैगर एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।


