शाहपुरा: गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने के लिए कल गूंजेगा जयघोष, 11 हजार हस्ताक्षरों के साथ सौंपेंगे ज्ञापन
शाहपुरा (मोनू सुरेश छीपा)। राजस्थान के शाहपुरा में 27 अप्रैल को गौ सेवा और गौ संरक्षण के संकल्प के साथ ‘गौ सम्मान अभियान’ का बड़ा आगाज होने जा रहा है। गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने, केंद्रीय कानून बनाने और देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर हजारों की संख्या में गौ भक्त एकजुट होंगे।
महलों के चौक से शुरू होगी भव्य रैली
जिला गौ प्रचारक रामेश्वर लाल धाकड़ ने बताया कि सोमवार, 27 अप्रैल को प्रातः 9:00 बजे ‘महलों के चौक’ में शहर के सभी समाज प्रमुख, विभिन्न संगठनों के सदस्य और धर्मप्रेमी एकत्रित होंगे। यहाँ से प्रभात फेरी और भजन मंडलियों के साथ एक भव्य रैली निकाली जाएगी। इसमें गौ माता की आकर्षक झांकी भी शामिल होगी, जो शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए उपखंड कार्यालय पहुंचेगी।
11,000 हस्ताक्षरों के साथ सौंपा जाएगा मांग पत्र
तहसील प्रभारी सुगन बोहरा और नगर प्रभारी सुमित प्रजापत की टीम ने इस अभियान के तहत व्यापक जनसंपर्क किया है। नगर प्रभारी दिनेश प्रजापत ने बताया कि अब तक लगभग 11,000 हस्ताक्षर एकत्र किए जा चुके हैं। इन हस्ताक्षर युक्त पत्रकों को ज्ञापन के साथ जोड़कर उपखंड अधिकारी (SDM) के माध्यम से मुख्यमंत्री, राज्यपाल, प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति को भेजा जाएगा।
बैठक में बनी रणनीति, जुटे कई संगठनों के पदाधिकारी
अभियान की सफलता को लेकर आयोजित बैठक में कार्य विभाजन किया गया। इस दौरान कन्हैया लाल वर्मा, गोकुल तेली, भेरूलाल कहार, राजेश सिंह राणावत, देवेंद्र कुम्हार, जय किशन घुसर, भगवान लढा, राजू कहार और शोभाराम धाकड़ सहित कई समाजसेवी और संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सभी संगठनों और संस्थाओं का मिला समर्थन
इस अभियान में सभी हिंदू संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं, व्यापार मंडल, महिला संगठन और युवाओं ने अपनी सहभागिता सुनिश्चित की है। आयोजकों ने सभी सनातनी धर्म प्रेमियों और गौ भक्तों से बड़ी संख्या में इस कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।


