शाहपुरा-बनेड़ा के विकास को मिलेगी नई गति: विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने ली हाईलेवल मीटिंग, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
शाहपुरा। विधानसभा क्षेत्र शाहपुरा-बनेड़ा के समग्र विकास और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से सोमवार को पंचायत समिति सभागार में एक महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने की। इस दौरान क्षेत्र के तमाम प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न विभागों के प्रमुख मौजूद रहे।
हर गांव में होगा श्मशान घाट का निर्माण
बैठक में विधायक डॉ. बैरवा का मुख्य फोकस आधारभूत सुविधाओं पर रहा। उन्होंने उन गांवों की सूची मांगी जहां अभी तक श्मशान घाट की सुविधा नहीं है। विधायक ने सख्त निर्देश दिए कि ऐसे गांवों का तत्काल सर्वे कर प्राथमिकता के आधार पर श्मशान घाटों का निर्माण कराया जाए। उन्होंने कहा कि यह एक संवेदनशील विषय है और अंतिम संस्कार के दौरान ग्रामीणों को कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए। साथ ही, श्मशान घाटों तक जाने वाले क्षतिग्रस्त रास्तों के सुधार और नए मार्गों के निर्माण के लिए भी अधिकारियों को पाबंद किया।
पेयजल और बिजली आपूर्ति पर विशेष जोर
आगामी गर्मियों के मौसम को देखते हुए जलदाय विभाग को क्षेत्र में नियमित और स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विधायक ने स्पष्ट किया कि जल संकट वाले क्षेत्रों में वैकल्पिक स्रोतों और टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति की जाए। वहीं, विद्युत विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली सप्लाई देने, खराब ट्रांसफार्मरों को तुरंत बदलने और सार्वजनिक स्थलों पर रोशनी की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को चेतावनी: समयबद्धता और जवाबदेही तय
विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने की सलाह देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की बात कहते हुए पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर दिया।
ये अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार, विकास अधिकारी, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी सहित जलदाय, चंबल परियोजना और विद्युत विभाग के आला अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही ग्राम पंचायतों के सरपंचों और प्रशासकों ने भी अपने क्षेत्र की समस्याओं से विधायक को अवगत कराया।


