गर्मी में श्रद्धालुओं को मिली बड़ी राहत: संकट मोचन बालाजी मंदिर में भामाशाह ने भेंट किया वाटर कूलर
गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव)। भीषण गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर के बालाजी चौक स्थित श्री संकट मोचन बालाजी मंदिर में जल सेवा की सराहनीय पहल की गई है। भामाशाह एवं समाजसेवी श्रीमती चांद देवी (पत्नी श्री शंकर लाल पाण्डेय), मातेश्वरी स्टील फर्नीचर, हुरड़ा रोड की ओर से मंदिर में शीतल पेयजल हेतु एक आधुनिक वाटर कूलर भेंट किया गया है।
मोहिनी एकादशी पर हुआ लोकार्पण
सोमवार को मोहिनी एकादशी के पावन पर्व पर मंदिर परिसर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद लगभग 150 लीटर क्षमता वाले इस वाटर कूलर को स्थापित किया गया। इस अवसर पर मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं ने इस सेवा कार्य की प्रशंसा की।
जल दान को बताया महादान
मंदिर के महंत पवन दास वैष्णव ने इस दौरान धर्मग्रंथों का हवाला देते हुए कहा कि प्यासे को पानी पिलाना और प्याऊ की व्यवस्था करना ‘महादान’ की श्रेणी में आता है। शास्त्रों के अनुसार, जल सेवा से न केवल अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है, बल्कि पितरों को भी शांति मिलती है। यह सेवा मन को शांति और सात्विक विचार प्रदान करने वाली है।
पाण्डेय परिवार का जताया आभार
भीषण गर्मी के इस दौर में मंदिर आने वाले भक्तों के लिए शीतल जल की व्यवस्था होने पर मंदिर महंत और उपस्थित भक्तगणों ने पाण्डेय परिवार का हृदय से आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कई गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु मौजूद रहे।


