भीलवाड़ा लौटे भाजपा नेता लादू लाल तेली का भव्य स्वागत; बोले- ‘बंगाल में टीएमसी के गुंडाराज से जनता को मिलेगी मुक्ति’
मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान
भीलवाड़ा (द वॉयस ऑफ राजस्थान)। पश्चिम बंगाल में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के बीच भारतीय जनता पार्टी के पूर्व भीलवाड़ा जिलाध्यक्ष लादू लाल तेली ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ अपनी सरकार बनाने जा रही है और वहां से आतंकी व भ्रष्टाचारी सरकार का हमेशा के लिए अंत होने वाला है।
तीन महीने के प्रवास के बाद भीलवाड़ा लौटे लादू लाल तेली
भाजपा के वरिष्ठ नेता लादू लाल तेली को केंद्रीय व प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार पश्चिम बंगाल की पानीहटी विधानसभा में लगातार तीन महीने तक प्रवासी के रूप में चुनावी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। 29 अप्रैल को मतदान संपन्न होने के बाद जब वे भीलवाड़ा लौटे, तो शहर विधायक अशोक कोठारी सहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत व अभिनंदन किया।
टीएमसी के शासन में लोकतंत्र खतरे में: तेली
पूर्व जिलाध्यक्ष लादू लाल तेली ने जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में अपने चुनावी अनुभव साझा किए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा:
”पश्चिम बंगाल में पहली बार पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनने जा रही है। वहां की स्थिति ऐसी थी कि 40, 50 और 60 साल की उम्र पार कर चुके कई नागरिकों ने अपने जीवन में पहली बार मतदान किया है। बंगाल में इस बार परिवर्तन की जबरदस्त बयार चली है।”
उन्होंने टीएमसी सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि वहां की जनता सत्ताधारी दल के भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी से पूरी तरह तंग आ चुकी है। टीएमसी के राज में बंगाल के उद्योग बंद हो चुके हैं, कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है और आम जनता में भय का माहौल था। लोकतंत्र वहां खतरे में पड़ गया था, लेकिन अब जनता ने भाजपा को चुनने का संकल्प ले लिया है।
मोदी-शाह के नेतृत्व में होगा बंगाल का उद्धार
लादू लाल तेली ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के कुशल नेतृत्व में पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद वहां की जनता को न्याय, सम्मान और विकास मिलेगा, जिससे आम जन को बड़ी राहत महसूस होगी।
संवाद कार्यक्रम में वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी
इस महत्वपूर्ण बैठक और संवाद कार्यक्रम के दौरान भाजपा और विभिन्न सामाजिक संगठनों के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राजस्थान जन मंच अध्यक्ष कैलाश सोनी, एडवोकेट रघुनंदन सिंह कानावत, सत्तू गुग्गड, पूर्व भाजपा जिला महामंत्री बाबू लाल टांक, कच्ची बस्ती विकास मंच के गोवर्धन सिंह कटार, भवानी शंकर दुदानी, सुनील जागेटिया, पूर्व युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष गोपाल डाड, पूर्व पार्षद बनवारी तेली, मनमोहन गुंदालिया, मोहन दिया, शिव प्रकाश चन्नाल, राधेश्याम शर्मा, छितर गैंगट, नरेश व्यास और रतन लाल शर्मा सहित कई कार्यकर्ता व गणमान्य नागरिक मौजूद थे।


