वैष्णव बैरागी छात्रावास समिति का प्रथम आदर्श निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन संपन्न, 11 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में
बिजयनगर (रामकिशन वैष्णव)। श्री वैष्णव बैरागी (च.स.) छात्रावास समिति, केकड़ी के तत्वावधान में आयोजित प्रथम आदर्श निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन में 11 जोड़े परिणय सूत्र में बंधकर जीवन के हमसफर बने। अजमेर-जयपुर बाईपास स्थित प्रेम मैरिज गार्डन में आयोजित यह भव्य समारोह सादगी, एकता और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
विधायक शत्रुघ्न गौतम ने नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद
सम्मेलन समिति के अध्यक्ष सीताराम वैष्णव डाबर ने बताया कि सामूहिक विवाह सम्मेलन में केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया और अपनी ओर से सभी 11 जोड़ों को उपहार स्वरूप सिलाई मशीन भेंट की।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में वैष्णव महासभा शिक्षा निधि हरिद्वार के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्याम सुंदर वैष्णव, प्रांतीय अध्यक्ष (जयपुर) अशोक स्वामी, श्योजी राम (गोवर्धनपुरा), एस.पी. वैष्णव (गोविंदपुरा), श्रवण वैष्णव (अजमेर), राधेश्याम वैष्णव (ताजपुरा), रामस्वरूप वैष्णव (सराधना), सत्यनारायण रामावत (पुष्कर), उमाशंकर (बिजौलिया), कैलाश वैष्णव (ब्यावर) एवं कैलाश वैष्णव (नांदला) सहित विभिन्न समितियों के अध्यक्ष, पदाधिकारी और समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
गाजे-बाजे के साथ निकली भव्य कलश व शोभायात्रा
समिति सचिव रामधन वैष्णव के अनुसार, शुक्रवार सुबह सभी 11 बारातें सम्मेलन स्थल पर पहुंचीं, जहां आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने भव्य स्वागत किया। इसके पश्चात बिजासन माता मंदिर से गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश एवं शोभायात्रा शुरू हुई। शोभायात्रा में वैष्णव चार संप्रदाय के ध्वज सबसे आगे चल रहे थे। सभी दूल्हे घोड़ियों पर और दुल्हनें बग्गी में सवार थीं।
यह शोभायात्रा शहर के सरसड़ी गेट, खिड़की गेट, घंटाघर और जूनिया गेट होते हुए वापस सम्मेलन स्थल पहुंची। इसके बाद तोरण और वरमाला की रस्म अदायगी हुई और विद्वान पंडितों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पाणिग्रहण संस्कार संपन्न हुआ।
विभिन्न समितियों और भामाशाहों का हुआ सम्मान
मीडिया प्रभारी परमेश्वर टीलावत ने बताया कि इस आयोजन में नसीराबाद, धानेश्वर, गुलाबपुरा, विजयनगर, चौमालीसा (प्रथम एवं द्वितीय), सरवाड़, जल सेवा समिति, धर्मशाला समिति डिग्गी, भिनाय समिति, केकड़ी महासभा एवं युवा संगठन केकड़ी सहित आसपास की सभी सामाजिक समितियों ने तन-मन-धन से सहयोग दिया।
समाज बंधुओं और भामाशाहों ने दिल खोलकर कन्यादान किया और नवदंपत्तियों को घरेलू उपयोग की सामग्री उपहार स्वरूप भेंट की। उत्कृष्ट सहयोग के लिए समिति द्वारा सभी भामाशाहों और समितियों को सम्मानित किया गया। आयोजन समिति ने इस सम्मेलन को समाज में फिजूलखर्ची रोकने, एकता बढ़ाने और सादगीपूर्ण विवाह परंपरा को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ी पहल बताया। समारोह में हजारों की संख्या में वैष्णव समाज के महिला-पुरुष और युवा मौजूद रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट: मोनू सुरेश छीपा, द वॉयस ऑफ राजस्थान


