श्री देवनारायण मंदिर में शनिवार से शिखर कलश प्रतिष्ठा, महायज्ञ और संगीतमय श्रीराम कथा का होगा भव्य आयोजन
गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव)। आगूंचा के पुराना भेरूखेड़ा में मानसी नदी के किनारे स्थित श्री देवनारायण मंदिर में शनिवार से भव्य धार्मिक आयोजनों की शुरुआत होने जा रही है। 2 मई से 10 मई तक आयोजित होने वाले इस नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान के तहत मंदिर शिखर कलश एवं ध्वजा प्रतिष्ठा, नवकुंडात्मक श्री नारायण महायज्ञ और संगीतमय श्री श्रीराम कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा।
महंत लवकुश दास जी के सानिध्य और यज्ञाचार्य अमरदीप शास्त्री के आचार्यत्व में होंगे आयोजन
यह विराट धार्मिक आयोजन यज्ञकर्ता श्री श्री 108 महंत श्री लवकुश दास जी महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न होगा। वहीं, महायज्ञ की समस्त धार्मिक और वैदिक विधियां अजमेर के प्रख्यात यज्ञाचार्य पंडित अमरदीप शास्त्री द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूर्ण करवाई जाएंगी।
2 मई को प्रातः काल भव्य कलश यात्रा से होगा शुभारंभ
आयोजन समिति के अनुसार, कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ 2 मई को प्रातः 7:15 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। मंगल कलश यात्रा के मंदिर परिसर पहुंचने के बाद विधिवत रूप से नवकुंडात्मक श्री नारायण महायज्ञ की शुरुआत होगी।
इस नौ दिवसीय धार्मिक महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह से दोपहर तक यज्ञ में आहुतियां दी जाएंगी और इसके पश्चात संगीतमय श्रीराम कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु भक्ति रस का आनंद ले सकेंगे। आयोजन को लेकर भेरूखेड़ा और आगूंचा सहित आसपास के क्षेत्र में हर्ष का माहौल है और तैयारियां जोरों पर चल रही हैं।


