व्रत उद्यापन पर गाजे-बाजे के साथ भक्त के घर पहुंचे ठाकुर जी, सत्यनारायण कथा और भंडारे का हुआ आयोजन
गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव)। स्थानीय श्री संकट मोचन बालाजी मंदिर, बालाजी चौक में बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर एक भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष दिन पर भगवान श्री ठाकुर जी महाराज एवं भगवान विष्णु की उपस्थिति में श्री सत्यनारायण भगवान की कथा का वाचन हुआ, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।
पूर्णिमा व्रत उद्यापन के उपलक्ष्य में हुआ धार्मिक आयोजन
यह आयोजन श्रीमती शांतिबाई पत्नी राजू महावीर बुवाला परिवार द्वारा पूर्णिमा व्रत के उद्यापन के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। इस पावन अवसर पर बुवाला परिवार के सदस्यों ने ठाकुर जी का बेवाण गाजे-बाजे और पूरे गांभीर्य व श्रद्धा के साथ अपने निवास स्थान तक लाया। वहाँ ठाकुर जी महाराज की अगवानी कर पूरे भक्ति भाव से सत्यनारायण भगवान की कथा का श्रवण किया गया।
बुद्ध पूर्णिमा पर पूजा-अर्चना का विशेष महत्व
मंदिर के महंत पवन दास वैष्णव ने बताया कि बुद्ध पूर्णिमा के दिन भगवान विष्णु एवं माता लक्ष्मी की पूजा का विशेष महत्व होता है। साथ ही, इस दिन सत्यनारायण भगवान की कथा श्रवण करने और चंद्र देव को अर्घ्य देने की सनातन धर्म में गहरी मान्यता है।
कथा के दौरान भगवान की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने बुवाला परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलकामना के लिए भगवान से प्रार्थना की।
भंडारे में उमड़ा भक्तों का हुजूम
सत्यनारायण कथा के संपन्न होने के उपरांत प्रसादी स्वरूप विशाल भोजन भंडारे का आयोजन किया गया। इस महाप्रसाद में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं ने भाग लिया और ठाकुर जी का आशीर्वाद ग्रहण किया।


