गुलाबपुरा: भारत विकास परिषद भोजरास की बैठक में पर्यावरण संरक्षण का संकल्प, पक्षियों के लिए लगाए परिंडे
गुलाबपुरा/भोजरास (रामकिशन वैष्णव)।
निकटवर्ती ग्राम भोजरास में भारत विकास परिषद (भाविप) शाखा भोजरास की कार्यकारिणी बैठक का गरिमामय आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रांतीय पर्यावरण सह-संयोजक एवं शाखा प्रभारी दिनेश कुमार छतवानी ने की।
शाखा गतिविधियों को गति देने के निर्देश
बैठक में प्रांतीय निर्देशों के अनुरूप प्रवास दिवस की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई। शाखा प्रभारी छतवानी ने बैंक खाते में नवीन पदाधिकारियों के नाम जोड़ने की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने की सलाह दी, ताकि भविष्य के कार्यों में सुगमता रहे। साथ ही, गत सत्र का आय-व्यय ब्यौरा चार्टर्ड अकाउंटेंट (सी.ए.) से तैयार करवाकर प्रांत कार्यालय भेजने के निर्देश भी दिए गए।
पर्यावरण संरक्षण और जीव सेवा
पर्यावरण की रक्षा को सर्वोपरि बताते हुए दिनेश कुमार छतवानी ने विस्तृत मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए पक्षियों के लिए दाना-पानी का प्रबंध करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। इस दौरान उन्होंने स्वयं पक्षी परिंडे लगाने के कार्य में सहयोग कर सदस्यों को प्रेरित किया।
वरिष्ठ पदाधिकारियों का मिला मार्गदर्शन
बैठक में पूर्व प्रांतीय संयोजक किशोर राजपाल का भी विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ, जिन्होंने परिषद की कार्यप्रणाली और सेवा संकल्पों पर प्रकाश डाला।
ये सदस्य रहे उपस्थित
इस महत्वपूर्ण बैठक में शाखा अध्यक्ष अशोक कुमार अजमेरा, सचिव अशोक कुमार मानावत, भंवरलाल टेलर, दुर्गा प्रसाद मालपानी, रामकुंवार खारोल, भेरुनाथ योगी, दीपेश शर्मा, अमर सिंह राठौड़ और विष्णु शर्मा सहित परिषद के अन्य सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे।


