गुलाब बाबा की धूणी के पंच दिवसीय धार्मिक आयोजन में बड़ पीपल व तुलसी सालिगराम का हुआ विवाह
गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव)। शहर स्थित गुलाब बाबा की धूणी पर महंत मिश्री नाथ जी महाराज के सानिध्य में चल रहे पंच दिवसीय रुद्र महायज्ञ एवं शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तीसरे दिन बुधवार को धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन श्रद्धा एवं उल्लास के साथ किया गया।
यज्ञशाला में विभिन्न यजमानों द्वारा विधि-विधान से यज्ञ में आहुतियां दी गईं। कार्यक्रम में भीलवाड़ा सांसद भी शामिल हुए। उन्होंने गुलाब बाबा की धूणी पर दर्शन कर साधु-संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया।
प्रधान कुंड के मुख्य यजमान एवं पूर्व पालिका चेयरमैन धनराज गुर्जर ने अपने परिवार सहित यज्ञशाला में पूजा-अर्चना कर हवन में आहुतियां दीं। समाजसेवी दीनदयाल गुर्जर ने बताया कि आचार्य राहुल जी शास्त्री द्वारा गणपति पूजन, मंडल पूजन एवं हवन सम्पन्न करवाया गया। साथ ही भगवान शिव परिवार का सुगंधित वास एवं जलाभिषेक भी किया गया।
बुधवार शाम को बड़ पीपल एवं तुलसी सालिगराम विवाह का धार्मिक आयोजन धूमधाम से सम्पन्न हुआ। सालिगराम भगवान की बारात पुराने जोरिवरपुरा स्थित चारभुजा मंदिर से गाजे-बाजे के साथ गुलाब बाबा की धूणी पहुंची, जहां तुलसी सालिगराम भगवान एवं बड़ पीपल का धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह सम्पन्न करवाया गया।
आयोजन समिति के अनुसार 14 मई गुरुवार को भगवान शिव परिवार की नवनिर्मित मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी तथा महाप्रसादी का आयोजन भी होगा।


