हुरड़ा: शिक्षकों का हल्लाबोल, लंबित मांगों को लेकर उपखंड कार्यालय पर प्रदर्शन कर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव)।
अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (विद्यालय शिक्षा) खंड हुरड़ा के तत्वावधान में शिक्षकों ने अपनी लंबित समस्याओं और शिक्षा विभाग की कार्यशैली के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सैकड़ों की संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया और उपखंड कार्यालय पहुंचकर एसडीएम दिव्यराज सिंह चुंडावत को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
प्रमुख मांगें और अनदेखी का आरोप
ज्ञापन में शिक्षक संगठन ने सरकार और उच्च अधिकारियों पर शिक्षकों की जायज मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
- शिविरा पंचांग: खंड अध्यक्ष गोपाललाल भील ने शिविरा पंचांग में संशोधन की मांग प्रमुखता से उठाई।
- स्थानांतरण और पदोन्नति: खंड मंत्री नागेश्वर दाधीच ने तृतीय श्रेणी सहित सभी संवर्गों के स्थानांतरण और पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।
- पद स्वीकृति: जिला समिति सदस्य मिश्रीलाल खारोल ने 2019 से क्रमोन्नत विद्यालयों में पदों की वित्तीय स्वीकृति और स्टाफिंग पैटर्न लागू करने पर जोर दिया।
वेतन विसंगति और अन्य मुद्दे
उपसभाध्यक्ष महावीर प्रसाद शर्मा ने आरजीएचएस (RGHS) सुविधा को सुचारू रखने, प्रबोधकों की वेतन विसंगति दूर करने और संविदा शिक्षकों को नियमित करने की मांग की। वहीं, खंड उपाध्यक्ष महावीर तेली ने शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने की अपील की।
आंदोलन की चेतावनी
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कमल शर्मा और परमानंद शर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि सकारात्मक परिणाम नहीं मिले, तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से तेज किया जाएगा। इसके तहत जिला स्तर पर प्रदर्शन, बीकानेर निदेशालय का घेराव और आगामी मानसून सत्र के दौरान जयपुर विधानसभा का घेराव किया जाएगा।
हजारों की संख्या में जुटे शिक्षक
प्रदर्शन के दौरान कृष्णपाल सिंह राठौड़, हिम्मत सिंह, महिला मंत्री मंजुलता शर्मा, उर्मिला वशिष्ठ सहित सैकड़ों की संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में खंड सभाध्यक्ष सांवरलाल कुमावत ने सभी का आभार व्यक्त किया।


