भीलवाड़ा में भक्ति का महाकुंभ: 17 मई से ‘सनातन पुरुषोत्तम माह महोत्सव’ का भव्य आगाज, महीने भर गूंजेंगे जयकारे
✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
भीलवाड़ा (राजस्थान)।
वस्त्रनगरी भीलवाड़ा में आगामी 17 मई से अध्यात्म की अविरल गंगा बहने जा रही है। हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर में महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन के पावन सानिध्य में ‘सनातन पुरुषोत्तम माह महोत्सव’ का आयोजन 15 जून 2026 तक किया जाएगा। सनातन सेवा समिति द्वारा आयोजित इस एक दिवसीय महोत्सव में शहरवासी भक्ति के विभिन्न रंगों में सराबोर होंगे।
भव्य कलश यात्रा से होगा श्रीगणेश
उत्सव का मंगल शुभारंभ 17 मई (रविवार) को सुबह 8:00 बजे बालाजी मार्केट स्थित बालाजी मंदिर से निकलने वाली भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। यह यात्रा गोल प्याऊ, सरकारी दरवाजा, बाजार नंबर 3 और वीर सांवरकर चौक जैसे प्रमुख मार्गों से होते हुए हरि शेवा आश्रम पहुंचेगी।
महीने भर चलेंगे विशेष धार्मिक अनुष्ठान
महोत्सव के दौरान प्रतिदिन मंदिर परिसर मंत्रोच्चार से गुंजायमान रहेगा:
- प्रातः 7:00 बजे: पंडित रोशन शास्त्री द्वारा ‘विष्णु यज्ञ’।
- प्रातः 10:00 बजे: पंडित सत्यनारायण शर्मा द्वारा ‘रुद्राभिषेक’।
- सायं 6:15 बजे: आरती, सामूहिक हरिनाम संकीर्तन एवं भव्य गंगा आरती।
प्रख्यात संतों के मुखारविंद से बहेगी कथा की रसधार
महोत्सव का मुख्य आकर्षण प्रतिदिन दोपहर 3 से 6 बजे तक होने वाली कथाएं होंगी:
- श्रीराम कथा: 17 से 25 मई (महामंडलेश्वर जगदीश दास उदासीन)
- भक्तमाल कथा: 26 से 30 मई (जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी ज्ञानानंद तीर्थ महाराज)
- सत्यनारायण कथा: 31 मई (पं. गौरीशंकर शास्त्री)
- श्रीमद् भागवत कथा: 1 से 7 जून (स्वामी अशोकानंद महाराज, जबलपुर)
- श्री शिवमहापुराण कथा: 8 से 14 जून (डॉ. स्वामी निर्मलदास काशी)
15 जून को महापूर्णाहुति
इस एक महीने के अनुष्ठान का समापन 15 जून को भव्य संत समागम, यज्ञ की पूर्णाहुति और गंगा आरती के साथ होगा। सनातन सेवा समिति और आश्रम प्रबंधन ने सभी धर्मप्रेमियों से सपरिवार सम्मिलित होकर पुण्य लाभ कमाने की अपील की है।


