संस्कारों से ही सुरक्षित रहेगा सनातन धर्म : पल्लवी लड्ढा
भारत विकास परिषद भगत सिंह शाखा के “दिशायें..एक कदम भविष्य की ओर अभिरुचि शिविर 2026” का भव्य समापन
मोनू सुरेश छीपा। द वॉयस ऑफ राजस्थान
भारत विकास परिषद, भगत सिंह शाखा द्वारा आयोजित “दिशायें..एक कदम भविष्य की ओर अभिरुचि शिविर 2026” का भव्य एवं उत्साहपूर्ण समापन समारोह हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। पूरे समारोह में बच्चों के उत्साह, संस्कारों एवं प्रतिभा की अद्भुत झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम् के साथ हुआ। बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत, योग प्रदर्शन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ एवं रचनात्मक गतिविधियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम प्रभारी अनामिका खंडेलवाल ने बताया कि समारोह की मुख्य अतिथि पल्लवी लड्ढा रहीं। उन्होंने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि बच्चों में स्किल हो या न हो, लेकिन संस्कार अवश्य होने चाहिए। संस्कारित पीढ़ी ही सनातन संस्कृति और धर्म की रक्षा कर सकती है। उन्होंने कहा कि आज के समय में कई युवा अपने धर्म और त्योहारों का मज़ाक बनाते दिखाई देते हैं, ऐसे में इस प्रकार के शिविर बच्चों में संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने भगत सिंह शाखा द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी ने भी शाखा के इस प्रकल्प की प्रशंसा करते हुए भविष्य में और अधिक नवाचार की अपेक्षा व्यक्त की। कार्यक्रम में शाखा प्रभारी श्याम कुमावत एवं प्रांतीय सदस्य भारतीय मोदानी की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने बच्चों के हुनर की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
शाखा सचिव मुकेश छीपा ने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद बच्चों ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ शिविर में सहभागिता निभाई। इसके लिए अभिभावकों के सहयोग एवं विश्वास के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया गया। साथ ही परिषद की मातृशक्ति द्वारा दिए गए सहयोग, सेवा एवं सक्रिय सहभागिता की भी सराहना की गई।
समापन अवसर पर बच्चों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा प्रशिक्षकों, कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष कुलदीप माथुर, सचिव मुकेश छीपा, कोषाध्यक्ष दीपक तुर्किया, महिला संयोजिका पूनम डाड सहित शाखा के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
“संस्कार, सृजन और राष्ट्रभावना से ओतप्रोत यह अभिरुचि शिविर बच्चों के लिए अविस्मरणीय अनुभव बन गया।”
कार्यक्रम का सफल संचालन पूनम डाड ने किया।


