ऊर्जा संरक्षण को लेकर राजस्थान जन मंच ने विधानसभा अध्यक्ष देवनानी को सौंपा ज्ञापन
सप्ताह में एक दिन “नो व्हीकल डे” लागू करने का किया आग्रह
मोनू सुरेश छीपा। द वॉयस ऑफ राजस्थान
भीलवाड़ा, 23 मई। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पेट्रोल-डीजल सहित विभिन्न उत्पादों की संभावित कमी एवं ऊर्जा संकट को देखते हुए ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजस्थान जन मंच द्वारा राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा गया।
भाजपा नेता एवं राजस्थान जन मंच अध्यक्ष कैलाश सोनी के नेतृत्व में एक दिवसीय प्रवास पर भीलवाड़ा पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष देवनानी को राष्ट्रहित में सुझाव देते हुए ज्ञापन में आग्रह किया गया कि ऊर्जा संरक्षण हेतु राजस्थान के सभी विधायक, मंत्री, विधानसभा अधिकारी, कर्मचारी एवं स्टाफ सप्ताह में एक दिन “नो व्हीकल डे” (बिना वाहन दिवस) अपनाने के लिए प्रेरित किए जाएं।
ज्ञापन में यह भी सुझाव दिया गया कि एक ही स्थान पर जाने के लिए अलग-अलग वाहनों के बजाय सामूहिक रूप से एक वाहन का उपयोग किया जाए। साथ ही सार्वजनिक परिवहन जैसे बस एवं ट्रेन यात्रा को बढ़ावा देने तथा इलेक्ट्रिक वाहनों के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया जाए। राजस्थान जन मंच का मानना है कि इससे ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, पर्यावरण संरक्षण होगा तथा आर्थिक बचत के माध्यम से राजस्थान एवं देश को मजबूती मिलेगी। साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत की सकारात्मक छवि मजबूत होगी।
इस अवसर पर कैलाश सोनी ने विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी को प्रभु श्रीराम का दुपट्टा ओढ़ाकर भगवान श्रीराम की भव्य एवं दिव्य प्रतिमा भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष लादू लाल तेली, रवि जाजू, विनोद झुरानी, राजस्थान जन मंच के जिला पदाधिकारी जय नारायण जोशी, शिवप्रकाश चन्नाल, सुभाष गोयल, किशोर लखवानी, रामचन्द्र मूंदड़ा, सौरभ काबरा, देवेन्द्र गोयल सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने स्वागत एवं अभिनंदन किया।


