विद्यार्थियों को बैंकिंग सेवाओं एवं कानून संबंधी जानकारी दी गई
श्री गांधी उच्च माध्यमिक विद्यालय में समाज सेवा शिविर के दौरान विशेषज्ञों ने किया मार्गदर्शन
गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव)।
स्थानीय में शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार आयोजित समाज सेवा शिविर के अंतर्गत विद्यार्थियों को बैंकिंग सेवाओं, कानून एवं साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामकुमार चौधरी (बीएसएल शोरूम) रहे, जबकि बार एसोसिएशन अध्यक्ष परमेश्वर शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बैंक मैनेजर धीरज झंवर ने की।
संस्था प्रधान सत्यनारायण अग्रवाल ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में बैंकिंग एवं कानून संबंधी जानकारी अत्यंत उपयोगी सिद्ध होती है। कला वर्ग की छात्रा किस्मत मेवाड़ा ने पूर्व दिवस का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि रामकुमार चौधरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में निरंतरता और अनुशासन सफलता की कुंजी है। उन्होंने कपड़ा व्यवसाय से संबंधित जानकारी भी विद्यार्थियों के साथ साझा की।
बार एसोसिएशन अध्यक्ष परमेश्वर शर्मा ने विद्यार्थियों को कानून संबंधी जानकारी देते हुए साइबर अपराधों से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर क्राइम तेजी से बढ़ रहा है, इसलिए विद्यार्थियों को मोबाइल फोन का सीमित एवं सावधानीपूर्वक उपयोग करना चाहिए।
कार्यक्रम अध्यक्ष एवं बैंक मैनेजर धीरज झंवर ने विद्यार्थियों को बैंकिंग योजनाओं की जानकारी देते हुए सुकन्या समृद्धि योजना, पेंशन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना, एजुकेशन लोन एवं होम लोन सहित विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रश्न पूछकर संवादात्मक तरीके से जानकारी साझा की।
इस दौरान शिविर प्रभारी अरविंद लढ़्ढा, राकेश शर्मा, सरोज शर्मा, जितेंद्र प्रजापत, घीसू जाट सहित विद्यालय स्टाफ के सदस्य उपस्थित रहे।
— रामकिशन वैष्णव


