प्रस्तावित कचरा संग्रहण केंद्र का ग्रामीणों ने किया विरोध
स्थान परिवर्तन की मांग को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव)।
हुरड़ा क्षेत्र के बावलों का खेड़ा गांव में सरकार द्वारा प्रस्तावित कचरा संग्रहण केंद्र के विरोध में ग्रामीणों ने उपखण्ड कार्यालय पहुंचकर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने कचरा संग्रहण केंद्र से होने वाले संभावित नुकसान का हवाला देते हुए इसे अन्य स्थान पर स्थापित करने की मांग की।
ग्रामीणों द्वारा दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि प्रस्तावित डंपिंग यार्ड में कचरा डाले जाने से गोवंश के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। डंपिंग यार्ड पर गोवंशों का जमावड़ा रहेगा, जहां वे प्लास्टिक की थैलियां एवं अन्य हानिकारक पदार्थ खाकर बीमार हो सकते हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि कचरा संग्रहण केंद्र बनने से आसपास के खेतों की उपज प्रभावित होने के साथ-साथ भूगर्भ जल दूषित होने की आशंका है, जिससे मानव जीवन पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि कचरा संग्रहण परियोजना को आबादी क्षेत्र से दूर किसी बंजार एवं गैर-आवासीय स्थान पर स्थापित किया जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में ओमप्रकाश दायमा, कैलाश, राजू, दिनेश, बबलू, रामधन, तारकेश, प्रहलाद, प्रदीप, राजेंद्र, रोहित सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
— रामकिशन वैष्णव


