पालिका कर्मचारियों ने “वंदे गंगा जल अभियान” के तहत जल संरक्षण की शपथ ली
रामकिशन वैष्णव
गुलाबपुरा, 30 मई। स्थानीय नगरपालिका में “वंदे गंगा जल अभियान” के अंतर्गत कर्मचारियों ने जल संरक्षण एवं जल स्रोतों के संवर्धन की शपथ ली। पालिका परिसर में आयोजित कार्यक्रम में स्वच्छ भारत अभियान के प्रभारी माधव सिंह ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई।
पालिका अधिशासी अधिकारी ने बताया कि “वंदे गंगा जल अभियान” गंगा दशमी (25 मई) से लेकर 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस तक संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत तालाब, बावड़ी, नहर एवं बांधों की सफाई, अतिक्रमण हटाने, जल स्रोतों के पुनरुद्धार तथा वर्षा जल संचयन जैसे कार्य किए जाएंगे। साथ ही तालाबों के संरक्षण, भूजल स्तर में सुधार एवं जल स्रोतों की स्वच्छता के लिए आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
उन्होंने नगरवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि “जल है तो जीवन है”, इसलिए जल संरक्षण के इस जनअभियान को सफल बनाने में सभी अपना सहयोग दें।
कार्यक्रम में घनश्याम नवाल, राजेंद्र सिंह, सत्यनारायण, नवल बैरवा, कमल किशोर, सायरनाथ, सज्जन कुमार चौधरी, रामलाल, रमन सिंह, राजकुमार, श्यामलाल, गोपाल लाल एवं पंकज माली सहित पालिका के अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे।
— मोनू सुरेश छीपा
द वॉयस ऑफ राजस्थान


