क्षेत्र में आमजन राष्ट्रीय कार्यक्रम जनगणना में उत्साह से कर रहे हैं सहयोग
विशेष संवाददाता: रामकिशन वैष्णव। द वॉयस ऑफ राजस्थान
गुलाबपुरा, 30 मई। राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रम जनगणना में क्षेत्र के आमजन उत्साहपूर्वक सहयोग कर रहे हैं। स्थानीय नगरपालिका क्षेत्र में जनगणना कार्य के लिए 35 ब्लॉक एवं 35 वार्ड निर्धारित किए गए हैं, जहां वर्तमान में गणना का कार्य प्रगति पर है।
HLB-004 (वार्ड संख्या 4) के प्रगणक नागेश्वर दाधीच एवं सुपरवाइजर जयप्रकाश लखारा ने बताया कि वार्ड संख्या 4 में लगभग 700 परिवार तथा करीब 825 जनगणना भवन, मकान एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान चिन्हित किए गए हैं। जनगणना के दौरान भवनों एवं मकानों का चिन्हीकरण करने के साथ-साथ परिवारों, दंपतियों एवं सदस्यों की संख्या का विवरण एकत्र किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 100 जनगणना भवनों, मकानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का चिन्हीकरण और गणना कार्य पूर्ण किया जा चुका है। जनगणना कर्मी भीषण गर्मी के बावजूद दिन-रात मेहनत कर राष्ट्रीय कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
जनगणना अधिकारियों के अनुसार क्षेत्रवासी भी इस महत्वपूर्ण अभियान में सहयोग कर रहे हैं, जिससे कार्य सुचारू रूप से आगे बढ़ रहा है। जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण तथा विभिन्न सरकारी नीतियों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
विशेष संवाददाता: रामकिशन वैष्णव
— मोनू सुरेश छीपा
द वॉयस ऑफ राजस्थान


