शाहपुरा के युवा खिलाड़ी ने संघर्ष और प्रतिभा के दम पर बनाई पहचान, 13 से 22 जून तक ज्लातिबोर में खेलेगी भारतीय टीम
✍️ *मोनू एस.छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
शाहपुरा/भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के शाहपुरा निवासी युवा बास्केटबॉल खिलाड़ी मोहम्मद रज़ा खान का चयन सर्बिया में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित ISF वर्ल्ड स्कूल बास्केटबॉल चैंपियनशिप (अंडर-18) के लिए भारतीय टीम में हुआ है। रज़ा 13 से 22 जून 2026 तक सर्बिया के ज्लातिबोर शहर में आयोजित होने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
सामान्य मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाले मोहम्मद रज़ा खान की सफलता संघर्ष, समर्पण और कड़ी मेहनत की प्रेरणादायक कहानी है। शुरुआती दिनों में सीमित संसाधनों के बावजूद वे रोजाना करीब 5 किलोमीटर पैदल चलकर अभ्यास के लिए पहुंचते थे। उनकी प्रतिभा को निखारने में राजस्थान बास्केटबॉल अकादमी के कोच राकेश विश्नोई की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
मोहम्मद रज़ा खान इससे पहले वर्ष 2025 में मालदीव में आयोजित साउथ एशियन बास्केटबॉल एसोसिएशन (SABA) अंडर-16 क्वालीफायर में भारतीय टीम का नेतृत्व कर चुके हैं। श्रीलंका के खिलाफ एक मैच में 38 अंक बनाकर उन्होंने टूर्नामेंट में अपनी विशेष पहचान बनाई थी। इसके अलावा वे मंगोलिया में आयोजित FIBA अंडर-16 एशिया कप में भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
भारतीय टीम में रज़ा मुख्य रूप से शूटिंग गार्ड और स्मॉल फॉरवर्ड की भूमिका निभाते हैं। उनकी सटीक थ्री-पॉइंट शूटिंग, तेज ड्राइव-इन और उत्कृष्ट कोर्ट विज़न उन्हें टीम का महत्वपूर्ण खिलाड़ी बनाते हैं।
वर्ल्ड स्कूल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में भारत सहित 20 से अधिक देशों की टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में मेजबान सर्बिया, फ्रांस, तुर्की, चीन, ब्राजील, ग्रीस, बुल्गारिया, चिली और चीनी ताइपे जैसी मजबूत बास्केटबॉल टीमें भी भाग लेंगी। 14 जून से ग्रुप चरण के मुकाबले शुरू होंगे, जबकि फाइनल मुकाबला 21 जून को खेला जाएगा।
इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के दौरान भारतीय टीम को यूरोपीय शैली के खिलाड़ियों और कोचों के साथ अभ्यास एवं प्रतिस्पर्धा का अवसर मिलेगा, जो खिलाड़ियों के अनुभव और कौशल विकास के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मोहम्मद रज़ा खान के चयन से शाहपुरा सहित पूरे भीलवाड़ा जिले में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए रज़ा को शुभकामनाएं दी हैं। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है।
प्रतियोगिता के मुकाबलों का सीधा प्रसारण इंटरनेशनल स्कूल स्पोर्ट्स फेडरेशन (ISF) के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा, जबकि मैचों के स्कोर अपडेट स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध रहेंगे।


