*भजनलाल सरकार ईमानदारी से कर रही है कार्य तो गहलोत को खिसकती दिख रही है अपनी जमीन – मदन राठौड़*
*जनता को गुमराह करने के लिए विपक्ष फैला रहा है भ्रमजाल, भ्रामक और तथ्यहीन सूचनाएं – मदन राठौड़*
…………………….
*भजनलाल सरकार संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ हर वर्ग के कल्याण के लिए कर रही है कार्य – मदन राठौड़*
………………….
✍️ *मोनू एस.छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
जयपुर, 22 सितंबर 2025। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भाजपा की भजनलाल सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों और जनसेवा को लेकर अशोक गहलोत तथा विपक्ष द्वारा फैलाई जा रही भ्रामक एवं तथ्यहीन सूचनाओं पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। राठौड़ ने कहा कि जनता को गुमराह करने के लिए विपक्ष केवल प्रचार और भ्रमजाल फैला रहा है, जबकि जमीनी सच्चाई यह है कि प्रदेश सरकार पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को अपने शासन काल के दौरान की नाकामियां याद होनी चाहिए, जब भ्रष्टाचार, अपराध, बजरी और शराब माफियाओं को खुली छूट मिली थी। अब जब भाजपा सरकार ईमानदारी से कार्य कर रही है, तो उन्हें अपनी ज़मीन खिसकती दिख रही है। भाजपा और राज्य सरकार जनहित को सर्वोपरि रखती है। विपक्ष द्वारा गढ़ी गई कहानियों और नकारात्मकता का जवाब जनता लगातार उपचुनावों में दे रही है, और आगामी निकाय एवं पंचायत चुनावों में स्वयं देगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उनकी सरकार विकसित राजस्थान के लिए सतत रूप से कार्य कर रही है। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर बोला कि प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो रही है, किसी भी अपराधी को राजनीतिक संरक्षण नहीं है, जैसा कि कांग्रेस सरकार में होता था। पेपरलीक माफियाओं पर लगातार कार्रवाई की जा रही है और उनकों सलाखों के पीछे पहुंचा रहे है। भाजपा के विधायक, जनप्रतिनिधि और मंत्री जनता के बीच हैं, न कि एसी कमरों में बैठकर ट्विटर राजनीति कर रहे हैं। विपक्ष का एजेंडा सिर्फ और सिर्फ भ्रम फैलाने का है वो इसके अलावा कुछ नहीं कर पा रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि गहलोत और कांग्रेस पार्टी कन्हैयालाल जैसे निर्दोष नागरिक की हत्या पर भी घिनौनी राजनीति कर रही है। गहलोत को यह साफ करना चाहिए कि जब राजस्थान में कांग्रेस की सरकार थी, तब आखिर क्यों कन्हैयालाल की हत्या को रोकने में पुलिस और खुफिया एजेंसियाँ नाकाम रहीं ? आपकी नाकामी के कारण एक निर्दोष दर्जी को दिनदहाड़े जिहादियों ने मौत के घाट उतार दिया था। अब तीन साल बाद आप प्रधानमंत्री मोदी पर आरोप लगाकर अपनी जिम्मेदारी से भाग नहीं सकते। कांग्रेस ने हमेशा आतंकवाद और कट्टरपंथ के मुद्दे पर ढुलमुल रवैया अपनाया है। कांग्रेस ने पूरे घटनाक्रम में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की जगह तुष्टिकरण की नीति अपनाई। यही कांग्रेस का असली चेहरा है। भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी आतंकवाद और चरमपंथ के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर अडिग हैं। जनता अब कांग्रेस के पाखंड को समझ चुकी है। राजस्थान की धरती पर कांग्रेस का झूठ और तुष्टिकरण एक साथ नहीं चलेगा।
संयोजक, भाजपा प्रदेश मीडिया विभाग


