विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने विद्यालय का निरीक्षण किया
शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार व खेल सुविधाओं के उन्नयन के दिए निर्देश
✍️ *मोनू सुरेश छीपा — द वॉयस ऑफ राजस्थान966717114*
शाहपुरा। विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने शनिवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय शाहपुरा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, खेलकूद, नामांकन तथा विभिन्न व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया और शिक्षकों से फीडबैक लिया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. बैरवा ने विद्यालय की एसडीएमसी समिति के पदाधिकारियों एवं विद्यालय स्टाफ से चर्चा की। उन्होंने विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने, खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि खेल मैदान को सुदृढ़ किया जाए और विद्यालय परिसर में अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण के अनुकूल वातावरण विकसित किया जाए। उन्होंने विद्यालय का नामांकन बढ़ाने के लिए अभिभावकों और विद्यार्थियों के बीच व्यापक रूप से जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
डॉ. बैरवा ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए प्रशासन, शिक्षक, अभिभावक एवं जनप्रतिनिधियों का संयुक्त सहयोग आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान विद्यालय स्टाफ, समिति सदस्य और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



