हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा शाहपुरा: भव्य शोभायात्रा और 11 जोड़ों ने दी यज्ञ में आहुतियां, महाशिवरात्रि पर विशेष आयोजन
✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 96667171141*
शाहपुरा धर्मनगरी शाहपुरा में महाशिवरात्रि का पर्व हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। पर्व की पूर्व संध्या पर शिव मंदिरों में रात्रि जागरण और भजन संध्याओं का दौर चला, वहीं आज सुबह भव्य कलश यात्राओं और शोभायात्राओं के साथ पूरा शहर शिवमय नजर आया।
खटीक समाज: मंशापूर्ण महादेव की भक्ति में डूबे श्रद्धालु
महाशिवरात्रि के अवसर पर खटीक समाज धर्मशाला में स्थित मंशापूर्ण महादेव मंदिर में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत समाज के गणमान्य नागरिकों, महिलाओं और युवाओं द्वारा महादेव की श्रृंगारित प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और आरती के साथ हुई। पूरी रात चले भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। भजनों की स्वर लहरियों ने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
कोली समाज: महलों के चौक से निकली भव्य कलश यात्रा
कोली समाज द्वारा भी कोली मोहल्ले में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। सुबह महलों के चौक से एक विशाल कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण किए मंगल गीत गाती हुई चल रही थीं। यह यात्रा शहर के मुख्य मार्गों—सदर बाजार, कुंडगेट, बारहठ स्मारक, त्रिमूर्ति चौराहा, रामद्वारा और उदयभान गेट से होते हुए कोली कॉलोनी स्थित शिव मंदिर पहुंची।
यज्ञ अनुष्ठान और महाप्रसादी
कोली कॉलोनी शिव मंदिर में 11 जोड़ों ने विधि-विधान से यज्ञ में बैठकर आहुतियां दीं और विश्व कल्याण की कामना की। शाम को खटीक समाज और कोली समाज द्वारा भव्य भोजन प्रसादी (भंडारा) का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के हजारों लोगों ने भगवान भोलेनाथ को भोग लगाकर प्रसादी ग्रहण की।


