नशा मुक्त भीलवाड़ा 2.0 के तहत बड़ी कार्रवाई
सामाजिक सभाओं में अफीम सेवन और सोशल मीडिया पर महिमामंडन करने वालों पर शिकंजा, 38 गिरफ्तार
मोनू सुरेश छीपा
द वॉयस ऑफ राजस्थान
भीलवाड़ा, 28 फरवरी। , जिला पुलिस अधीक्षक, भीलवाड़ा के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे “नशा मुक्त भीलवाड़ा 2.0” अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थों के सेवन, सामाजिक सभाओं में अफीम सेवन तथा सोशल मीडिया पर नशे का प्रचार-प्रसार करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई है।
अभियान के अंतर्गत सामाजिक सभाओं में बैठकर अफीम सेवन करने के 02 प्रकरण दर्ज कर कुल 05 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, वहीं सोशल मीडिया पर अफीम सेवन का महिमामंडन कर आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वाले 33 व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया गया है।
सामाजिक सभाओं में अफीम सेवन पर कार्रवाई
पुलिस थाना बनेड़ा द्वारा ग्राम पंचायत बबराणा स्थित भदेरियाश्याम भैरूनाथ मंदिर परिसर में अफीम सेवन करते पाए जाने पर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
इसी प्रकार पुलिस थाना सदर द्वारा ग्राम धुमडास में शोकसभा के दौरान अफीम सेवन करने पर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
सोशल मीडिया पर नशे का प्रचार करने वालों पर शिकंजा
जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सोशल मीडिया सेल द्वारा ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित किया गया, जो विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर अफीम सेवन के वीडियो बनाकर प्रसारित कर रहे थे और नशे की प्रवृत्तियों का महिमामंडन कर रहे थे।
चिन्हित व्यक्तियों के विरुद्ध विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए थाना आसींद से 02, बनेड़ा से 02, हमीरगढ़ से 01, मांडल से 04, मांडलगढ़ से 01, मंगरोप से 02, पारोली से 01, रायला से 01, सदर से 02 तथा शाहपुरा से 17 — कुल 33 व्यक्तियों को निरोधात्मक कार्रवाई के तहत गिरफ्तार किया गया।
एक वर्ष में 183 प्रकरण दर्ज
भीलवाड़ा पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध सतत अभियान चलाते हुए पिछले एक वर्ष में 183 प्रकरण दर्ज किए गए। इन मामलों में लगभग 21 किलोग्राम अफीम, 2301 किलोग्राम गांजा तथा 12,057 किलोग्राम डोडा चूरा जब्त किया गया।
जब्त किए गए मादक पदार्थों की अनुमानित बाजार कीमत लगभग ₹38,88,09,500 (अड़तीस करोड़ अठासी लाख नौ हजार पाँच सौ रुपये) आंकी गई है। एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों में अब तक 332 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस अधीक्षक का संदेश
जिला पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशा समाज की जड़ों को कमजोर करता है। विशेष रूप से युवा पीढ़ी को नशे की प्रवृत्तियों से दूर रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि सामाजिक सभाओं एवं आयोजनों में नशीले पदार्थों का सेवन न करें और ऐसी गतिविधियों का समर्थन न करें। उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा पुलिस आमजन के सहयोग से जिले को नशामुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।


