निःशुल्क जोड़ दर्द चिकित्सा शिविर का लाभ पाने वाले रोगियों को मिलेगा निरंतर फॉलोअप
श्री गणेश उत्सव प्रबंध एवं सेवा समिति के तत्वावधान में आरसी व्यास कॉलोनी स्थित अपनाघर वृद्धाश्रम में हुआ आयोजन
✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
भीलवाड़ा, 1 मार्च। श्री गणेश उत्सव प्रबंध एवं सेवा समिति के तत्वावधान में रविवार को आरसी व्यास कॉलोनी स्थित अपनाघर वृद्धाश्रम परिसर में निःशुल्क जोड़ प्रत्यारोपण रोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अहमदाबाद के प्रसिद्ध जॉइंट रिप्लेसमेंट विशेषज्ञ डॉ. दीपक दवे एवं डॉ. रौनक देसाई ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस शिविर में भीलवाड़ा एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में रोगी परामर्श के लिए पहुंचे। शिविर का शुभारंभ वृद्धाश्रम स्थित मंदिर में भगवान गणपति के समक्ष अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। शुभारंभ समारोह में अतिथियों का स्वागत समिति अध्यक्ष उदयलाल समदानी ने किया।
समिति के मीडिया प्रभारी महावीर समदानी ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए बताया कि मानव शरीर में कुल 206 हड्डियां होती हैं। बच्चों में लगभग 270 जोड़ पाए जाते हैं, जो उम्र के साथ फ्यूज होकर युवावस्था में लगभग 250 रह जाते हैं। सबसे अधिक जोड़ हाथ-पैरों में होते हैं। इन सभी जोड़ों से संबंधित दर्द एवं समस्याओं के निवारण हेतु यह निःशुल्क शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में कुल 53 रोगियों को घुटनों, कंधों, कुल्हों, कमर दर्द तथा पैरों में झनझनाहट जैसी समस्याओं पर विशेषज्ञ परामर्श दिया गया। समिति ने यह भी बताया कि शिविर में लाभान्वित रोगियों का निरंतर फॉलोअप किया जाएगा, ताकि उन्हें स्थायी राहत मिल सके। यह शिविर प्रत्येक दो माह के प्रथम रविवार को नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा।
समारोह के दौरान समिति के सेवा कार्यों में सहयोग देने वाले समाजसेवियों हरिप्रसाद अग्रवाल, बनवारीलाल मुरारका, दिनेश बागडोदिया, शिवलाल डीडवाना एवं प्रकाश पोरवाल का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। शिविर को सफल बनाने में हॉस्पिटल प्रबंधक अनिल शर्मा का विशेष सहयोग रहा।
शिविर का लाभ प्राप्त करने वाले रोगियों एवं उनके परिजनों ने समिति के निरंतर सेवा कार्यों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सुभाष गर्ग, श्याम सुंदर पारीक, प्रशांत समदानी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।


