राजकीय विद्यालय खेड़ा पालोला में भामाशाह ने कराया ‘श्री कृष्ण भोज’, स्वादिष्ट लापसी और दाल-पूरी का बच्चों ने लिया आनंद
गुलाबपुरा/कोठियां (रामकिशन वैष्णव): निकटवर्ती ग्राम कोठियां के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय खेड़ा पालोला में शुक्रवार को ‘श्री कृष्ण भोज’ का भव्य आयोजन किया गया। पीएम पोषण योजना के अंतर्गत आयोजित इस विशेष भोज में बच्चों को दाल-पूरी और स्वादिष्ट लापसी परोसी गई, जिससे नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
भामाशाहों का अनुकरणीय सहयोग:
विद्यालय के भामाशाह पुखराज शर्मा एवं विद्यालय प्रबंधन समिति की सदस्या काली देवी शर्मा के सहयोग से अमावस्या के विशेष अवसर पर इस भोज का आयोजन हुआ। विद्यालय के समस्त ‘बाल-गोपालों’ ने मध्यान्ह भोजन (मिड-डे मील) के दौरान बड़े चाव से पौष्टिक लापसी और अन्य व्यंजनों का स्वाद लिया। इस दौरान विद्यालय स्टाफ और समुदाय के लोगों ने भी विद्यार्थियों के साथ बैठकर भोजन किया।
सामुदायिक भागीदारी से सुधरेगा स्वास्थ्य:
कार्यक्रम प्रभारी सुनीता पारीक ने बताया कि राज्य सरकार की अभिनव ‘श्री कृष्ण भोग योजना’ का उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार और मिड-डे मील में सामुदायिक भागीदारी बढ़ाना है। कोठियां में यह परंपरा काफी समृद्ध है, जहाँ भामाशाहों के साथ-साथ तेजा मंडली और महिला मंडली भी सक्रिय योगदान देती हैं। विशेष रूप से, तेजा मंडली द्वारा वर्ष में दो बार खीर-पूरी का आयोजन पिछले कई वर्षों से निरंतर किया जा रहा है।


