शाहपुरा-कोटड़ी वासियों को बड़ी सौगात: वर्षों बाद शुरू हुई जोधपुर-कोटड़ी रोडवेज बस, विधायक डॉ. लालाराम बैरवा का जताया आभार
शाहपुरा/कोटड़ी (मोनू सुरेश छीपा): कोटड़ी और शाहपुरा क्षेत्र के यात्रियों के लिए एक लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी हो गई है। क्षेत्रीय विधायक डॉ. लालाराम बैरवा के विशेष प्रयासों से वर्षों बाद जोधपुर से कोटड़ी के बीच रोडवेज बस सेवा का पुनः संचालन शुरू हो गया है। शनिवार को जब पहली बार रोडवेज बस इस मार्ग पर पहुंची, तो ग्रामीणों ने उत्साह के साथ इसका स्वागत किया।
सफर होगा सुगम और सुरक्षित:
अब तक कोटड़ी से शाहपुरा और जोधपुर मार्ग पर केवल एक निजी (प्राइवेट) बस का संचालन हो रहा था, जिसके कारण यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता था। रोडवेज बस सेवा शुरू होने से न केवल सफर आसान होगा, बल्कि यात्रियों को समय और किराए में भी राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने इस सौगात के लिए विधायक डॉ. लालाराम बैरवा का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास में एक बड़ा कदम बताया।
अरनिया रासा में बस स्टाफ का अभिनंदन:
रोडवेज बस के प्रथम आगमन पर अरनिया रासा में ग्रामीणों ने बस और चालक-परिचालक स्टाफ का गर्मजोशी से स्वागत किया। फूल-मालाओं और उत्साह के बीच यात्रियों ने भी इस नई शुरुआत पर खुशी जाहिर की। बस सेवा शुरू होने से अब जोधपुर जाने वाले विद्यार्थियों, व्यापारियों और आमजन को सीधा लाभ मिलेगा।


