आगूंचा के बाग वाले महंत श्री रघुनाथ दास जी महाराज ब्रह्मलीन, 22 अप्रैल से शुरू होंगे भव्य धार्मिक कार्यक्रम।
आगूंचा: बाग वाले बालाजी के महंत रघुनाथ दास जी महाराज ब्रह्मलीन, हरिद्वार में होगा अस्थि विसर्जन; 22 अप्रैल से धार्मिक अनुष्ठान शुरू
रामकिशन वष्णव
गुलाबपुरा (भीलवाड़ा)। निकटवर्ती ग्राम आगूंचा के प्रसिद्ध बाग वाले बालाजी मंदिर के महंत 108 श्री रघुनाथ दास जी महाराज के ब्रह्मलीन होने पर पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। महाराज श्री के हरिशरण होने के पश्चात, ग्रामीणों ने अत्यंत श्रद्धापूर्वक उनकी अस्थियों को विधि-विधान के साथ हरिद्वार गंगा में विसर्जित करने हेतु रवाना किया।
पथवारी मैया की पूजा के साथ अस्थि कलश यात्रा रवाना
श्रद्धालु कैलाश गुर्जर ने बताया कि अस्थि विसर्जन के लिए प्रस्थान करने से पूर्व ग्रामीणों ने पथवारी मैया की विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान लादू जाट, रामदेव गुर्जर, गंगाराम माली, केदार, गोपाल कालिया, कैलाश गुर्जर, हीरालाल सेन और ओमप्रकाश जोशी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने नम आंखों से महाराज श्री को विदाई दी।
9 दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन (22 से 30 अप्रैल)
महंत श्री रघुनाथ दास जी महाराज की स्मृति और उनके सम्मान में आगूंचा स्थित बाग वाले बालाजी मंदिर में भव्य धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी:
- प्रारंभ: 22 अप्रैल से विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान शुरू होंगे।
- समापन: 30 अप्रैल को कार्यक्रमों की पूर्णाहूति होगी।
- भंडारा: इस अवसर पर ब्रह्मलीन महंत श्री की स्मृति में एक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है।


