गुलाबपुरा में गूँजा जय परशुराम: परशुराम सर्किल पर भगवा ध्वज फहराकर और शस्त्र पूजन के साथ मनाई जयंती
गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव): सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर भगवान श्री परशुराम जी की जयंती अत्यंत हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। स्थानीय रेलवे अंडर ब्रिज के निकट स्थित परशुराम सर्किल पर आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के लोगों ने अपनी उपस्थिति से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
भगवा ध्वज और दीप प्रज्वलन:
जन्मोत्सव के अवसर पर पूरे सर्किल को भगवा पताकाओं से सजाया गया। समाज के बंधुओं ने भगवान परशुराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। भगवान विष्णु के छठे अवतार श्री परशुराम जी के चित्र पर माल्यार्पण कर समाज की सुख-समृद्धि की कामना की गई।
शस्त्र पूजन और आतिशबाजी:
कार्यक्रम के दौरान सर्किल पर स्थापित भगवान परशुराम के प्रतीक शस्त्र ‘फरसे’ का विधिवत पूजन किया गया। जयंती की पूर्व संध्या पर भव्य आतिशबाजी की गई, जिससे आसमान रोशनी से सराबोर हो उठा। इस दौरान रामनारायण पुरोहित, सुधीर कुमार शर्मा, कृष्ण गोपाल त्रिपाठी, कमल शर्मा, अमित कुमार आत्रेय, भारत त्रिपाठी, मनोज शर्मा और जितेंद्र शर्मा सहित समाज के अनेक प्रबुद्ध जन मौजूद रहे।


