- परशुराम जन्मोत्सव: विप्र समाज ने महाआरती कर लिया एकता का संकल्प
शाहपुरा (राजस्थान)। अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर शाहपुरा क्षेत्र में भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। विप्र सेना और समस्त ब्राह्मण समाज के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज की एकजुटता और अटूट श्रद्धा की भव्य झलक देखने को मिली।
सुबह जलाभिषेक, शाम को गूंजी महाआरती
विप्र सेना तहसील अध्यक्ष हेमराज शर्मा ने बताया कि जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में प्रातः काल भगवान परशुराम का विधि-विधान से जलाभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात, सायंकाल 6:30 बजे भव्य महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें शंखध्वनि और मंत्रोच्चार के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
विप्र समाज ने लिया एकता का संकल्प
महाआरती के दौरान बड़ी संख्या में ब्राह्मण परिवारों ने सम्मिलित होकर धर्म लाभ उठाया। आरती के समापन पर उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन का मुख्य आकर्षण समाज की एकजुटता रही। विप्र बंधुओं ने एक-दूसरे को जन्मोत्सव की बधाई देते हुए समाज की उन्नति और संगठन की शक्ति को मजबूत करने का सामूहिक संकल्प लिया।
धर्म लाभ के साथ मनाई खुशियां
आयोजन समिति ने बताया कि इस वर्ष महाआरती के माध्यम से ही जन्मोत्सव की खुशियां मनाई गई हैं, ताकि पूरा समाज एक ही स्थान पर एकत्रित होकर भगवान का आशीर्वाद ले सके। इस दौरान समाज के युवाओं और बुजुर्गों में भारी उत्साह देखा गया।
रिपोर्ट: मोनू सुरेश छीपा (द वॉयस ऑफ राजस्थान)


