भाजपा का नया एक्शन प्लान: संजय जैन बोले- कार्यकर्ता फील्ड में उतरें, प्रशांत मेवाड़ा ने शक्ति केंद्रों की संख्या बढ़ाई
संगठन सशक्तिकरण पर जोर: प्रशांत मेवाड़ा और संजय जैन की मौजूदगी में भीलवाड़ा भाजपा की अहम बैठक संपन्न
✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
भीलवाड़ा | 12 मई
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार भीलवाड़ा जिला कार्यालय पर जिला पदाधिकारियों एवं विधानसभा संयोजकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिला संगठन प्रभारी संजय जैन ‘ताऊ’ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने की।
संजय जैन का मंत्र: ‘बूथ जीता तो चुनाव जीता’
बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी संजय जैन ‘ताऊ’ ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि आगामी चुनावों में विजय के लिए हर पदाधिकारी को मंडल से लेकर शक्ति केंद्र और बूथ तक सक्रिय होना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि “बूथ जीता तो चुनाव जीता” के लक्ष्य के साथ ही हमें मैदान में उतरना है। जैन ने जोर दिया कि भाजपा में प्रत्येक कार्यकर्ता का अपना महत्व है और पदाधिकारियों को कार्यकर्ताओं के साथ ईमानदारी व निष्ठा का समन्वय स्थापित करना चाहिए।
प्रशांत मेवाड़ा का नवाचार: हर माह होगी नियमित समीक्षा
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने संगठन में संवाद और सामंजस्य बढ़ाने के लिए एक बड़े नवाचार की घोषणा की। मेवाड़ा ने बताया कि अब जिले में:
- प्रत्येक माह की 1 से 7 तारीख के बीच: मंडल स्तर पर पदाधिकारियों की बैठक होगी।
- प्रत्येक माह की 8 से 15 तारीख के बीच: जिला पदाधिकारियों की मासिक बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस नियमित संवाद से कार्यकर्ताओं के बीच सौहार्द और कार्यक्षमता में वृद्धि होगी।
शक्ति केंद्रों का विस्तार और नई नियुक्तियां
संगठनात्मक विस्तार की जानकारी देते हुए प्रशांत मेवाड़ा ने बताया कि जिले में शक्ति केंद्रों की संख्या 296 से बढ़ाकर लगभग 535 की जा रही है। साथ ही, 39 मंडलों की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने के लिए 16 मंडल पालक नियुक्त किए गए हैं। प्रत्येक मंडल पदाधिकारी को अब विशिष्ट शक्ति केंद्रों का प्रभारी बनाकर जवाबदेही सौंपी जाएगी।
डिजिटल और ग्रासरूट कनेक्टिविटी
बैठक में जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया ने बताया कि सभी पदाधिकारियों की ‘सरल एप’ के माध्यम से जीपीएस आधारित ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज की गई। इसके अलावा ‘मन की बात’ और ‘ग्राम विकास रथ अभियान’ की वर्तमान प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर जिला महामंत्री अविनाश जीनगर, प्रहलाद त्रिपाठी, कन्हैयालाल जाट , जिला मंत्री राजेंद्र बोहरा , जिला मीडिया सहसंयोजक मोनू सुरेश छीपा, पूर्व उप प्रधान बजरंग सिंह राणावत, सुरेश सिंह मोटरास, विजय पोखरणा, आरती कोगटा, अभिसुत्रा सोलंकी , रागिनी गुप्ता, सहित जिले
के वरिष्ठ पदाधिकारी और सातों विधानसभा क्षेत्रों के संयोजक उपस्थित रहे।


