भेरूखेड़ा के श्री देवनारायण मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्री नारायण महायज्ञ, शिखर पर चढ़ाया गया पावन कलश।
====
गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव ) निकटवर्ती आगूंचा पुराना भेरूखेड़ा मानसी नदी के पावन तट पर स्थित श्री देवनारायण मंदिर में पिछले कई दिनों से चल रहा शिखर कलश प्रतिष्ठा, नवकुंडात्मक श्री नारायण महायज्ञ एवं संगीतमय श्रीराम कथा महोत्सव आज पूर्ण श्रद्धा, वैदिक रीति-रिवाज एवं भव्य धार्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ । समापन अवसर पर क्षेत्रभर से उमड़े श्रद्धालुओं ने धर्म और भक्ति के इस विराट आयोजन के साक्षी बन पुण्य लाभ अर्जित किया। विशाल धार्मिक आयोजन यज्ञकर्ता श्री श्री 108 महंत श्री लवकुश दास जी महाराज, गुलाबपुरा के सानिध्य में आयोजित हुआ, सभी धार्मिक अनुष्ठान यज्ञाचार्य पंडित अमरदीप शास्त्री, अजमेर वाले सहित विद्वान विप्र ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ संपन्न कराए गए। रविवार को प्रातःकाल श्री नारायण महायज्ञ की नवकुंडात्मक पूर्णाहुति दी गई। यज्ञ मंडप में वैदिक ऋचाओं, मंत्रोच्चार एवं हवन आहुतियों के बीच वातावरण पूरी तरह भक्तिमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो उठा। श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात अभिजीत मुहूर्त में श्री देवनारायण मंदिर के शिखर पर विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पावन कलश चढ़ाया गया। जैसे ही मंदिर शिखर पर कलश स्थापना संपन्न हुई, पूरा परिसर जय श्री देवनारायण, जय श्री राम एवं हर-हर महादेव के जयघोषों से गूंज उठा। इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक क्षण का साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान प्रतिदिन गणेश पूजन, अंबिका पूजन, रुद्र पूजन, चारों दिशाओं की पूजा, क्षेत्रपाल पूजा एवं अन्य वैदिक अनुष्ठान ब्राह्मणों द्वारा संपन्न कराए गए। वेद मंत्रों की दिव्य ध्वनि और संतों के सानिध्य से पूरा मंदिर परिसर निरंतर भक्तिरस में डूबा रहा।
समापन अवसर पर समस्त विप्र ब्राह्मणों एवं साधु-संतों की विधिवत विदाई की गई। आयोजन समिति द्वारा सभी श्रद्धालुओं, संत-महात्माओं एवं आगंतुकों के लिए विशाल भोजन भंडारे की व्यवस्था भी की गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। पूरे आयोजन में क्षेत्रवासियों का उत्साह और सहयोग विशेष रूप से देखने को मिला।यज्ञकर्ता श्री श्री 108 महंत श्री लवकुश दास जी महाराज ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, ग्रामवासियों, विप्र ब्राह्मणों एवं भक्तजनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में धर्म, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं। इस अवसर पर हजारों की संख्या मे श्रद्धालु मौजूद थे।
भेरूखेड़ा के श्री देवनारायण मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्री नारायण महायज्ञ, शिखर पर चढ़ाया गया पावन कलश।
Leave a comment
Leave a comment


