कांग्रेस का “अपना शहर-अपनी सरकार” नगर निकाय जनसुनवाई प्रशिक्षण शिविर 20 मई से
गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव)।
राजीव गांधी पंचायती राज संगठन एवं जिला कांग्रेस कमेटी भीलवाड़ा के तत्वावधान में स्थानीय नगर कांग्रेस कमेटी द्वारा दो दिवसीय “अपना शहर-अपनी सरकार” नगर निकाय जनसुनवाई प्रशिक्षण शिविर का आयोजन बुधवार 20 मई से नवकार पैलेस में किया जाएगा।
पूर्व चेयरमैन चेतन पेशवानी ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में जिला, ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भाग लेंगे। शिविर का उद्देश्य नगर निकायों से जुड़ी जनसमस्याओं, जनसुनवाई प्रक्रिया एवं संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण प्रदान करना है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान आमजन की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने, नगर विकास से जुड़े मुद्दों पर संवाद स्थापित करने तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर विशेष चर्चा की जाएगी। शिविर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी कार्यकर्ताओं को विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन देंगे।


