सामाजिक बुराइयों से बचाव के लिए संस्कार और शिक्षा जरूरी : महावीर प्रसाद लढा
श्री गांधी उच्च माध्यमिक विद्यालय के समाज सेवा शिविर में विद्यार्थियों को किया प्रेरित
गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव)। स्थानीय श्री गांधी उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार आयोजित समाज सेवा शिविर के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गांधी शिक्षण समिति के प्रबंधक एवं नगर कांग्रेस अध्यक्ष उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता ने की।
संस्था प्रधान ने बताया कि विद्यार्थी जीवन में सेवा भाव अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। सेवा कार्यों से व्यक्तित्व में निखार आता है तथा विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव होता है। कार्यक्रम के दौरान विज्ञान वर्ग की छात्रा प्रीति जाट ने पूर्व दिवस की गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने विद्यालय के वॉलीबॉल ग्राउंड के चारों ओर सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि महावीर प्रसाद लढा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र जीवन से ही सामाजिक संस्कारों का विकास होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ रही सामाजिक बुराइयों से बचाव के लिए शिक्षा, अनुशासन और अच्छे संस्कार बेहद जरूरी हैं। साथ ही विद्यालय में संचालित विभिन्न गतिविधियों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को समाज सेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर शिविर प्रभारी अरविंद लढा, मुकेश सेन, राकेश शर्मा, सरोज शर्मा, जितेंद्र प्रजापत सहित विद्यालय स्टाफ के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


