आरजीएचएस योजना में बदलावों के विरोध में राजस्व कर्मचारी महासंघ का प्रदर्शन
कर्मचारियों ने उपखण्ड अधिकारी को सौंपा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन
गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव)। राजस्व कर्मचारी महासंघ के आव्हान पर सोमवार को कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर आरजीएचएस योजना में कथित बदलावों के विरोध में आन्दोलन की शुरुआत की। कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन उपखण्ड अधिकारी को सौंपा।
राजस्व मंत्रालयिक कर्मचारी महासंघ द्वारा प्रदेशव्यापी आन्दोलन का ऐलान किया गया है। महासंघ की ओर से आरजीएचएस योजना में प्रस्तावित बदलावों, पदोन्नति के छह माह बाद भी करीब 200 तहसीलदारों के पदस्थापन नहीं होने, उपखण्ड कार्यालयों में पद सृजन तथा अन्य वित्तीय मांगों को लेकर प्रदेशभर में प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
महासंघ के प्रदेश सभाध्यक्ष ने बताया कि वर्तमान सरकार कर्मचारियों के हितों की अनदेखी कर रही है, जिससे राज्य के करीब 7 लाख कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। वहीं महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष ने सभी कर्मचारी संगठनों से आन्दोलन में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आरजीएचएस योजना के निजीकरण, अवकाश एन्कैशमेंट तथा सेवानिवृत्ति पर समय पर परिलाभ नहीं मिलने से कर्मचारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
महासंघ के महामंत्री ने बताया कि राजस्व मंत्री, मुख्य सचिव, चिकित्सा सचिव, कार्मिक सचिव एवं राजस्व सचिव को आन्दोलन का नोटिस पहले ही दिया जा चुका है, लेकिन सरकार की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं होने पर प्रदेशव्यापी आन्दोलन शुरू किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र समाधान नहीं किया तो आगामी चरण में उग्र आन्दोलन किया जाएगा।
गुलाबपुरा में ब्लॉक अध्यक्ष के नेतृत्व में जिला कलेक्टर भीलवाड़ा के नाम ज्ञापन उपखण्ड अधिकारी को सौंपा गया। इस दौरान भूपेंद्र सिंह, अश्विनी सैनी सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।


