स्कूली बच्चों ने श्री प्राज्ञ मिर्गी रोग चिकित्सालय का किया अवलोकन
रामकिशन वैष्णव
गुलाबपुरा। श्री प्राज्ञ मिर्गी रोग निवारक चिकित्सालय का स्कूली बच्चों द्वारा अवलोकन किया गया। श्री गांधी उच्च माध्यमिक विद्यालय के कक्षा 11 एवं 12 के विद्यार्थियों ने एनएसएस कैंप के अंतर्गत चिकित्सालय पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं एवं मिर्गी रोग से संबंधित जानकारियों को समझा।
इस दौरान श्री प्राज्ञ मिर्गी रोग निवारक समिति के काउंसलर अनिल चौधरी ने छात्र-छात्राओं को मिर्गी रोग जागरूकता अभियान के तहत मिर्गी रोग के लक्षण, सावधानियां एवं बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मिर्गी से पीड़ित मरीजों को प्रोत्साहित करना और उनकी कुशलताओं को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक वातावरण देना अत्यंत आवश्यक है, जिससे उन्हें स्वस्थ जीवन जीने में सहायता मिलती है।
उन्होंने विद्यार्थियों को यह भी बताया कि समाज में जागरूकता फैलाकर मिर्गी रोग से जुड़े भ्रमों को दूर किया जा सकता है। साथ ही बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित करने एवं सेवा भावना को बढ़ावा देने के उपायों पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में सुशील चौधरी, सुरेश चंद लोढ़ा, संस्थान व्यवस्थापक महीपत सिंघवी सहित गांधी विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।


