ऐतिहासिक होगा 17 जून का विप्र महाकुंभ, तैयारियों को लेकर गांव-गांव बैठकों का दौर तेज
300 से अधिक बटुकों का होगा सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार, 10 हजार महिलाओं की निकलेगी कलश यात्रा
गुलाबपुरा | रामकिशन वैष्णव
आगामी 17 जून को कृषि उपज मंडी, विजयनगर में आयोजित होने वाले भव्य “विप्र महाकुंभ एवं प्रतिष्ठापना समारोह” की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आयोजन को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने के उद्देश्य से विभिन्न गांवों और क्षेत्रों में सर्व ब्राह्मण समाज की महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों में समाज की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की जा रही है।
सिखवाल ब्राह्मण समाज की महिला राष्ट्रीय अध्यक्षा संगीता त्रिपाठी ने बताया कि परम पूज्य स्वामी प्रखर जी महाराज के आशीर्वाद, विप्र फाउंडेशन जोन 1एफ के प्रदेश अध्यक्ष नवीन शर्मा के सान्निध्य तथा प्रदेश सचिव मधुसूदन पारीक के नेतृत्व में आयोजित यह महाआयोजन समाज की एकता, संस्कृति एवं संगठन को नई दिशा प्रदान करेगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विप्र फाउंडेशन एवं आयोजन समिति के पदाधिकारी गांव-गांव जाकर जनसंपर्क कर रहे हैं तथा समाजजनों से अधिकाधिक संख्या में भागीदारी की अपील कर रहे हैं।
महाकुंभ के अंतर्गत 300 से अधिक बटुकों का सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार विद्वान आचार्यों एवं पंडितों के सान्निध्य में संपन्न कराया जाएगा। इसके अलावा 10 हजार महिलाओं की विशाल कलश यात्रा एवं शोभायात्रा, आमसभा, महाआरती तथा महा ब्रह्मभोज जैसे भव्य कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
विप्र फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष नवीन शर्मा ने कहा कि यज्ञोपवीत संस्कार भारतीय संस्कृति का एक महत्वपूर्ण संस्कार है। इसे विधि-विधान के साथ संपन्न कराने से बाल्यावस्था में ही बच्चों में श्रेष्ठ संस्कारों का विकास होता है। उन्होंने सभी विप्र बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में विजयनगर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।
प्रदेश सचिव मधुसूदन पारीक ने कहा कि यह आयोजन किसी एक संगठन या क्षेत्र विशेष का नहीं, बल्कि संपूर्ण सर्व ब्राह्मण समाज का महाआयोजन है। समाज की एकता एवं शक्ति के प्रदर्शन के लिए प्रत्येक विप्र परिवार की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने सभी समाजजनों से कार्यक्रम को ऐतिहासिक, भव्य एवं अभूतपूर्व बनाने का आह्वान किया।
इसी क्रम में नई जोधड़ास, झरनेश्वर महादेव गायत्री माता मंदिर परिसर, ब्राह्मणों की सरेड़ी, दौलतगढ़, तिलोली एवं आसींद सहित विभिन्न स्थानों पर सर्व ब्राह्मण समाज की बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में कार्यक्रम की तैयारियों, समाज की सहभागिता तथा महाकुंभ की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक कार्यक्रम के संयोजक हीरालाल उपाध्याय एवं सत्यनारायण बोहरा (करजालिया) ने समाज के सभी गांवों एवं क्षेत्रों के विप्र बंधुओं से अपील की कि वे अधिकाधिक संख्या में बैठकों में भाग लें तथा अपने-अपने क्षेत्रों में समाजजनों को कार्यक्रम की जानकारी देकर इसकी सफलता में योगदान दें।
बैठकों में सर्व ब्राह्मण समाज के पदाधिकारी, प्रबुद्धजन, युवा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे। विप्र फाउंडेशन एवं आयोजन समिति ने समस्त विप्र एवं सर्व ब्राह्मण समाज से 17 जून को विजयनगर पहुंचकर विप्र महाकुंभ को ऐतिहासिक सफलता प्रदान करने का आह्वान किया है।
— मोनू सुरेश छीपा
द वॉयस ऑफ राजस्थान


