भीलवाड़ा न्यूज़: मामूली विवाद बना ‘रणभूमि’, ट्रेवल्स ऑफिस बंद कराने पर अड़ी गुस्साई भीड़।
✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
भीलवाड़ा। शहर के पॉश इलाके सर्किट हाउस क्षेत्र में मंगलवार को एक मामूली सड़क हादसा हिंसक झड़प में बदल गया। एक निजी ट्रैवल बस और कार के बीच हुई हल्की टक्कर के बाद विवाद इतना बढ़ा कि लाठियां चल गईं और सड़क रणभूमि में तब्दील हो गई।
हाथापाई और लाठी-भाटा जंग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के तुरंत बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। गुस्साई भीड़ ने बस के ड्राइवर और खलासी को घेर लिया और उनके साथ जबरदस्त मारपीट की। हंगामे के कारण क्षेत्र में चीख-पुकार और भगदड़ जैसा माहौल बन गया।
ट्रैवल ऑफिस बंद कराने पर अड़ी भीड़
विवाद बढ़ने पर आक्रोशित लोगों ने सर्किट हाउस के सामने स्थित ट्रैवल ऑफिस को बंद कराने का दबाव बनाया। इस दौरान कई लोगों के घायल होने की सूचना है, हालांकि किसी की पहचान अभी उजागर नहीं हुई है। घटना के बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों में दहशत फैल गई।
ट्रैफिक व्यवस्था पर उठे सवाल
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि सर्किट हाउस के सामने चल रहे निर्माण कार्यों और पाइपलाइन बिछाने के कारण सड़क संकरी हो गई है। लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन ट्रैफिक मैनेजमेंट पर ध्यान देता, तो इस तरह की हिंसक स्थिति से बचा जा सकता था।
पुलिस ने किया हस्तक्षेप
सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने यातायात बहाल करवा दिया है और इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है। हालांकि, फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।


