फूलडोल मेले में व्यवस्थाओं को लेकर उठा विवाद, प्रशासन ने कहा– सभी के हितों का रखा जा रहा ध्यान
✍️ *मोनू एस. छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
शाहपुरा। नगर में आयोजित 6 दिवसीय फूलडोल मेले में व्यवस्थाओं को लेकर कुछ व्यापारियों द्वारा नाराजगी जताई गई है। बाहर से आए छोटे दुकानदारों ने स्थान आवंटन और कार्रवाई को लेकर आपत्ति दर्ज कराई है।
घुमंतू एवं लुहार समाज की कुछ महिलाओं ने बताया कि वे पिछले करीब 15 वर्षों से मेले में आकर व्यवसाय करती रही हैं। उनका कहना है कि इस बार उन्हें मुख्य परिसर से अलग स्थान दिया गया है, जिससे बिक्री प्रभावित हो रही है। साथ ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों का सामान भी जब्त किया गया।
वहीं, नगरपालिका प्रशासन का कहना है कि मेले में सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्धारित स्थानों पर ही दुकानें लगाने की अनुमति दी जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नियमों के तहत की जा रही है, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी छोटे-बड़े व्यापारियों को नियमानुसार स्थान उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है तथा किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा। यदि किसी को कोई समस्या है तो वह पालिका कार्यालय में संपर्क कर समाधान प्राप्त कर सकता है।
फिलहाल दोनों पक्षों के बीच संवाद की आवश्यकता महसूस की जा रही है, ताकि मेले की गरिमा और व्यापारियों की आजीविका — दोनों का संतुलन बना रहे।


