शाहपुरा में हिंदू नव वर्ष 2083 को भव्य बनाने की तैयारी, समाजोत्सव समिति की बैठक में कलश यात्रा व भजन संध्या की रूपरेखा तय
✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
शाहपुरा (भीलवाड़ा)। हिंदू नव वर्ष (नव संवत्सर 2083) के पावन अवसर को शाहपुरा में भव्य और ऐतिहासिक रूप देने के उद्देश्य से आदर्श विद्या मंदिर, कोठार मोहल्ला में हिंदू नव वर्ष समाजोत्सव समिति की एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आगामी 19 मार्च को आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों एवं रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता श्री द्वारका प्रसाद पारीक ने की, जबकि आयोजन के संयोजक श्री हनुमान धाकड़ एवं कोषाध्यक्ष श्री जयकिशन घुसर मौजूद रहे। बैठक में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव दिए।
समिति द्वारा निर्णय लिया गया कि 19 मार्च को हिंदू नव वर्ष के अवसर पर शाहपुरा शहर में एक विशाल कलश शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं मातृशक्ति शामिल होंगी। इसके बाद आयोजित धर्मसभा में साध्वी सरस्वती दीदी अपने ओजस्वी उद्बोधन से उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगी।
कार्यक्रम के अंतर्गत शाम को सुप्रसिद्ध भजन गायिका स्वाति मिश्रा द्वारा भव्य भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें भक्तिमय भजनों के माध्यम से सनातन संस्कृति और धर्म के प्रति जनजागरण का संदेश दिया जाएगा।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने हिंदू नव वर्ष के इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग से अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।


