आगामी हिंदू उत्सवों की साज-सज्जा को लेकर सकल हिंदू समाज ने उपखंड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
मुख्य बाजार में परंपरागत सजावट व रोशनी की व्यवस्था बनाए रखने की मांग, प्रशासन ने सकारात्मक कार्रवाई का दिया आश्वासन
✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
गुलाबपुरा। स्थानीय सकल हिंदू समाज एवं विश्व हिंदू परिषद–बजरंग दल के प्रतिनिधिमंडल ने उपखंड अधिकारी से शिष्टाचार भेंट कर आगामी हिंदू उत्सवों के उपलक्ष्य में मुख्य बाजार की पारंपरिक साज-सज्जा एवं विद्युत रोशनी की व्यवस्था पूर्व वर्षों की भांति बनाए रखने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने उपखंड अधिकारी को अवगत कराया कि इस माह चैत्र नवरात्रि स्थापना, हिंदू नववर्ष, राजस्थान दिवस, गुड़ी पड़वा, झूलेलाल जयंती, गौतम जयंती, राम नवमी एवं गणगौर जैसे प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्व क्रमशः आयोजित होने वाले हैं। इन अवसरों पर प्रतिवर्ष नगर के मुख्य बाजार तथा प्रमुख चौराहों पर आकर्षक सजावट और विशेष रोशनी की व्यवस्था की जाती रही है, जिससे पूरे शहर में धार्मिक वातावरण के साथ-साथ सांस्कृतिक उल्लास का माहौल बनता है।
ज्ञापन में आग्रह किया गया कि पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी शहर की पारंपरिक गरिमा एवं उत्सवी वातावरण को बनाए रखने के लिए समुचित साज-सज्जा सुनिश्चित की जाए, ताकि नगरवासी इन सभी पर्वों को उत्साहपूर्वक और भव्य रूप से मना सकें।
उपखंड अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि इस विषय पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान सकल हिंदू समाज तथा विहिप-बजरंग दल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


