तय रूट छोड़ बाईपास से दौड़ रहीं रोडवेज बसें, शाहपुरा में यात्री घंटों इंतजार को मजबूर
फूलडोल मेले के दौरान अव्यवस्था बढ़ी, प्रशासन से तय रूट पर बस संचालन की मांग

✍️ *मोनू सुरेश छीपा।द वॉयस ऑफ राजस्थान 9667171141*
शाहपुरा। शहर में रोडवेज बस संचालकों की मनमानी से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि जहाजपुर, देवली, सवाई माधोपुर और जयपुर की ओर जाने वाली रोडवेज बसें तय रूट से गुजरने के बजाय कॉलेज के पास नहर के सहारे बने छोटे बाईपास से सीधे निकल रही हैं।
इस कारण लंबे रूट के यात्री बड़ा पोस्ट ऑफिस, फुलियागेट और कलिंजरी गेट जैसे प्रमुख बस स्टॉप पर घंटों तक बसों का इंतजार करते रह जाते हैं, लेकिन बसें वहां से गुजर ही नहीं रही हैं।
जानकारी के अनुसार प्रशासन द्वारा सभी रूट की बसों के लिए बड़ा पोस्ट ऑफिस – आसीन्द रोड – फुलियागेट – कलिंजरी गेट बाईपास मार्ग निर्धारित किया गया है, लेकिन कई बस चालक इस मार्ग का पालन नहीं कर रहे हैं।
वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय फूलडोल महोत्सव के चलते शहर में स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और यात्री पहुंच रहे हैं। ऐसे में बसों के तय स्टॉप पर नहीं रुकने से यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। गुरुवार से ही शहर में यह अव्यवस्था बनी हुई बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि रोडवेज बसों का संचालन तय रूट से ही सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही नहर के सहारे बने छोटे बाईपास पर भारी वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए कम ऊंचाई वाले बैरिकेड लगाने की भी मांग की गई है।
बताया जा रहा है कि यह बाईपास मुख्य रूप से छोटे वाहनों के लिए है और इसकी चौड़ाई कम होने के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। आसपास की कहार और रेगर बस्ती के लोगों ने भी भारी वाहनों के गुजरने से दुर्घटना की आशंका जताई है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से इस गंभीर समस्या पर तत्काल ध्यान देकर व्यवस्था सुधारने की अपील की है।
— मोनू सुरेश छीपा



