भीलवाड़ा में गर्मी के दस्तक देते ही सेवा का संकल्प: इलेक्ट्रिक डीलर्स एसोसिएशन कल से शुरू करेगा नि:शुल्क जल सेवा
भीलवाड़ा | मोनू एस. छीपा (द वॉयस ऑफ राजस्थान)
भीलवाड़ा शहर में बढ़ती गर्मी को देखते हुए भीलवाड़ा इलेक्ट्रिक डीलर्स एसोसिएशन ने मानव सेवा की दिशा में एक सराहनीय पहल की है। एसोसिएशन के तत्वाधान में कल, 6 अप्रैल को शहर के व्यस्ततम क्षेत्र रोडवेज बस स्टैंड स्थित गणेश मंदिर के पास नि:शुल्क जल सेवा स्टैंड का भव्य शुभारंभ किया जाएगा।
संतों और गणमान्य जनों के सानिध्य में होगा शुभारंभ
कार्यक्रम के संयोजक रामलाल सुवालका एवं गोपाल कुमावत ने जानकारी देते हुए बताया कि जल सेवा स्टैंड का उद्घाटन प्रातः 10:15 बजे किया जाएगा। इस पुनीत कार्य में संतों और शहर के प्रबुद्ध जनों का आशीर्वाद प्राप्त होगा।
शुभारंभ समारोह में हाथी भाटा आश्रम के संत दास महाराज, निंबार्क आश्रम के महंत मोहन शरण शास्त्री महाराज, और पंचमुखी मंदिर (पुर रोड) के पुजारी मुरारी पांडे का पावन सानिध्य रहेगा।
मुख्य अतिथि और विशिष्ट जन
एसोसिएशन के अध्यक्ष सज्जन मेहता एवं महासचिव हर्षित बाबेल ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान जन मंच के अध्यक्ष कैलाश सोनी होंगे। इस अवसर पर एसोसिएशन के वरिष्ठ पदाधिकारी और सम्मानित सदस्य भी उपस्थित रहकर इस सेवा कार्य का हिस्सा बनेंगे।
रोडवेज बस स्टैंड पर यात्रियों और आमजन की प्यास बुझाने के उद्देश्य से शुरू की जा रही यह जल सेवा पूरी गर्मियों के दौरान निरंतर जारी रहेगी।


