गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव)। स्थानीय भारत विकास परिषद शाखा द्वारा अधिक मास की पूर्णिमा के अवसर पर सेवा और पर्यावरण संरक्षण का एक अनूठा उदाहरण पेश किया गया। भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से जूझ रहे राहगीरों को राहत देने के लिए परिषद द्वारा शहर के बावड़ी चौराहे पर ‘शीतल मसाला छाछ’ वितरण का सेवा प्रकल्प आयोजित किया गया।
पर्यावरण के प्रति दिखाई जागरूकता
इस सेवा कार्य की सबसे बड़ी विशेषता इसका ‘पर्यावरण-हितैषी’ होना रहा। परिषद ने पर्यावरण स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए प्लास्टिक डिस्पोजल का पूरी तरह बहिष्कार किया। सेवा कार्य में स्टील के गिलासों का उपयोग किया गया, जिससे न केवल कचरा उत्पन्न नहीं हुआ, बल्कि आमजन को भी प्लास्टिक का उपयोग कम करने के लिए प्रेरित किया गया। इस प्रयास की नगरवासियों ने मुक्त कंठ से सराहना की।
हस्ताक्षर अभियान से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
केवल प्यास बुझाने तक ही यह आयोजन सीमित नहीं रहा, बल्कि परिषद ने राहगीरों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई। इस दौरान चलाए गए हस्ताक्षर अभियान में नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। आयोजन में परिषद के वरिष्ठ सदस्यों, युवाओं और मातृशक्ति के लगभग 25 सदस्यों ने अपना श्रमदान देकर इसे सफल बनाया।
अध्यक्ष ने जताया आभार
इस सफल आयोजन के समापन पर शाखा अध्यक्ष संपत व्यास ने सभी सहयोगियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया। नगरवासियों ने परिषद के इस प्रयास की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक सरोकार के आयोजनों में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।


