गुलाबपुरा (रामकिशन वैष्णव)। स्थानीय श्री माधव गौ उपचार समिति द्वारा संचालित ‘श्री माधव गौ उपचार केंद्र’ पर गौ सेवा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए अत्याधुनिक हाइड्रोलिक लिफ्टिंग क्रेन युक्त ‘गौ रुग्णवाहिका’ (गौ एम्बुलेंस) का लोकार्पण किया गया।
अतिथियों का मार्गदर्शन और गौ सेवा का महत्व
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों – राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश कुमार, जल संसाधन कैबिनेट मंत्री कन्हैया लाल चौधरी, संत अमितदास जी महाराज, आसींद विधायक जब्बर सिंह सांखला, पूर्व पालिका चेयरमैन धनराज गुर्जर और आसींद जिला संचालक मदन लाल चंदेल के कर कमलों द्वारा किया गया।
इस अवसर पर सुरेश कुमार ने गौ सेवा को मानव कल्याण का मार्ग बताते हुए गौ उपचार केंद्र के कार्य विस्तार पर जोर दिया। संत अमितदास जी महाराज ने गौ उत्पादों के उपयोग और गौ महिमा पर प्रकाश डाला।
विकास और घोषणाओं का सिलसिला
कार्यक्रम के दौरान जल संसाधन कैबिनेट मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने केंद्र की प्रशंसा करते हुए वहां गौ माता के लिए विशेष जल व्यवस्था करवाने की घोषणा की। वहीं, विधायक जब्बर सिंह सांखला ने गौ-गंगा-गायत्री को भारतीय संस्कृति का आधार बताते हुए केंद्र पर शीघ्र ‘चारागृह संग्रहण केंद्र’ बनाने का संकल्प लिया। पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष धनराज गुर्जर ने गौ रक्षा को लोक सेवा का संदेश बताया।
गौ पूजन के साथ हुआ समापन
लोकार्पण कार्यक्रम के पश्चात विधि-विधान से गौ पूजन किया गया और गौ माता को आयुर्वेदिक लापसी का भोग लगाया गया। कार्यक्रम का संचालन सुरजकरण लड्ढा ने किया। समिति के अध्यक्ष प्रेमचंद दिनवानी ने सभी अतिथियों का आभार जताया, जबकि सचिव मुकेश शर्मा ने केंद्र की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।
क्षेत्रभर के गौभक्तों की भागीदारी
इस आयोजन में आगूंचा, खारी का लांबा, बिजयनगर, हुरडा, बराटिया, शिव नगर, कंवलियास, रूपपूरा, बदनोर और खामोर सहित विभिन्न गांवों से आए सैकड़ों गौभक्त शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान सभी गौभक्तों को उपचार केंद्र का दुपट्टा और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।


